विधायक कमलेश ठाकुर के निर्देशों पर हरिपुर में एसडीएम का कैंप कार्यालय आयोजित, जनसमस्याओं के समयबद्ध निपटारे के निर्देश
जनसमस्याओं के समाधान के लिए नियमित रूप से कैंप कार्यालय आयोजित करने पर विधायक कमलेश ठाकुर का विशेष जोर
हर बुधवार आयोजित होगा कैंप कार्यालय, अवकाश होने पर अगले कार्यदिवस में लगेगा कैंप
हरिपुर, 21 अक्टूबर, 2026: आम जनता को घर-द्वार के समीप प्रशासनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने तथा जनसमस्याओं का त्वरित एवं समयबद्ध निवारण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विधायक कमलेश ठाकुर के निर्देशों के अनुरूप आज हरिपुर स्थित लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में उपमंडलाधिकारी (नागरिक), देहरा, कुलवंत सिंह पोटन का कैंप कार्यालय निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित किया गया। विधायक कमलेश ठाकुर जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को प्राथमिकता देते हुए नियमित रूप से ऐसे कैंप कार्यालय आयोजित करने पर लगातार जोर दे रही हैं। इस पहल का उद्देश्य प्रशासन को लोगों के घर-द्वार तक पहुंचाना, स्थानीय स्तर पर सुविधाएं उपलब्ध करवाना तथा लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए देहरा स्थित विभिन्न कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने की आवश्यकता को कम करना है।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों तथा स्थानीय लोगों ने एसडीएम का स्वागत किया। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कमलेश कुमार चौधरी ने एसडीएम को शॉल व टोपी पहनाकर सम्मानित भी किया।
उपस्थित जनसमूह तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए एसडीएम कुलवंत सिंह पोटन ने कहा कि हरिपुर में कैंप कार्यालय आयोजित करने की पहल माननीय विधायक कमलेश ठाकुर के निर्देशों के अनुरूप की गई है। उन्होंने कहा कि विधायक कमलेश ठाकुर क्षेत्र की जनता की समस्याओं के समाधान के लिए नियमित रूप से ऐसे कैंप कार्यालय आयोजित करने पर लगातार जोर दे रही हैं, ताकि लोगों को प्रशासनिक सेवाएं उनके निकट उपलब्ध हो सकें और उनकी शिकायतों का त्वरित एवं समयबद्ध निवारण सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने बताया कि जनसुविधा को ध्यान में रखते हुए हरिपुर में कैंप कार्यालय प्रत्येक बुधवार को आयोजित किया जाएगा। यदि बुधवार को अवकाश रहता है, तो कैंप कार्यालय अगले कार्यदिवस पर आयोजित होगा।
एसडीएम ने बताया कि आम जनता की सुविधा के लिए खंड विकास अधिकारी, देहरा द्वारा सप्ताह में दो दिन कैंप कार्यालय आयोजित किए जाएंगे। सप्ताह के दूसरे दिन का निर्धारण खंड विकास अधिकारी द्वारा किया जाएगा, ताकि लोगों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर प्रभावी एवं त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने निर्देश दिए कि कैंप कार्यालय में प्राप्त सभी आवेदन-पत्रों एवं अन्य शिकायतों को एसडीएम कार्यालय के संबंधित कर्मचारी द्वारा डायरी में दर्ज करने के बाद संबंधित विभाग को भेजा जाए। सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए गए कि वे अगले बुधवार को पिछले बुधवार को प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों पर की गई कार्रवाई की लिखित रिपोर्ट के साथ उपस्थित हों। यदि किसी आवेदन को अस्वीकार किया जाता है, तो उसके संबंध में स्पष्ट, ठोस एवं तर्कसंगत कारण भी लिखित रूप में प्रस्तुत किए जाएं।
एसडीएम ने कहा कि संबंधित विभागों के विभागाध्यक्ष अथवा ससक्षम अधिकारी स्वयं कैंप कार्यालय में उपस्थित होकर जनसमस्याओं को सुनें तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा किया जाए और आवेदकों को कार्रवाई की स्थिति से अवगत करवाया जाए।
उन्होंने कहा कि कैंप कार्यालय का मुख्य उद्देश्य प्रशासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना, सरकारी सेवाओं को लोगों के निकट उपलब्ध करवाना तथा जनसमस्याओं का पारदर्शी एवं समयबद्ध निवारण सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों से जनहित में आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी सहित ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कमलेश कुमार चौधरी, उपाध्यक्ष महेंद्र ठाकुर व गगन डोगरा, महासचिव इन्द्र शर्मा, राजकुमार, निजी सहायक विधायक देहरा, पवन, सदस्य क्षेत्रीय परिवहन अधिकरण, वीणा, सचिव महिला मोर्चा, इन्द्रा देवी, महिला मोर्चा से, पुष्प रैनापंचायती राज सेल से तथा अरविंद कुमार सोसल मीडिया समन्वयक उपस्थित रहे।