कर्नाटक के खानापुर में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि बीजेपी सरकार ने कर्नाटक से 1.50 लाख करोड़ रुपये लूटे हैं। यह लूट की, झूठ की सरकार है। उन्होंने कहा कि इन पैसों से कर्नाटक में 100 AIIMS के अस्पताल, बच्चों के लिए 30,000 स्मार्ट क्लासरूम, 30 लाख गरीबों के लिए घर बन सकते थे।
कांग्रेस महासचिव ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “बीजेपी ने विधायकों को खरीदकर कर्नाटक में एक ऐसी सरकार बनाई, जिसकी नीयत शुरू से ही गलत थी। नतीजा यह हुआ कि प्रदेश में गवर्नेंस कम हो गया, मुख्यमंत्री बदले गए, विकास कार्य रुक गए, भ्रष्टाचार हुआ। आज कर्नाटक की बीजेपी सरकार, 40 फिसदी कमीशन सरकार के नाम से जानी जाती है।”
प्रियंका गांधी ने कहा कि इस चुनाव में महंगाई, बेरोजगारी मुद्दे हैं। अगर बीजेपी के नेता जनता का ध्यान कहीं और आकर्षित करना चाहते हैं तो वो यह करें, हम नहीं करेंगे।
प्रियंका गांधी ने मंच से कर्नाटक की महिलाओं के लिए कई अहम घोषणाएं कीं। उन्होंने बताया कि अगर राज्य में चुनाव के बाद उनकी पार्टी की सरकार बनती है तो वह राज्य की महिलाओं को लिए क्या करेगी।
प्रियंका गांधी ने ये घोषणाएं कीं:
आंगनबाड़ी बहनों का मानदेय 15,000 रुपये किया जाएगा।
मिनी आंगनबाड़ी बहनों का मानदेय 10,000 रुपये तक किया जाएगा।
आशा बहनों का मानदेय 8,000 रुपये तक किया जाएगा।
मिड-डे मील की बहनों का मानदेय 5,000 रुपये तक बढ़ाया जाएगा।
आंगनबाड़ी से रिटायरमेंट के बाद: 3 लाख और मिनी आंगनबाड़ी से रिटायरमेंट के बाद 2 लाख रुपये दिए जाएंगे।