अडानी मुद्दे को लेकर विपक्षी दलों के सांसदों ने काला कपड़ा पहनकर संसद में गांधी प्रतिमा के पास विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और UPA अध्यक्ष सोनिया गांधी भी विरोध प्रदर्शन में शामिल हुईं।
कांग्रेस सांसदों के अलावा, कुछ अन्य विपक्षी नेताओं ने भी काले कपड़े धारण किए। विपक्षी दलों के सांसदों ने काला कपड़ा पहनकर संसद में गांधी प्रतिमा के पास विरोध प्रदर्शन किया। इस बीच, विपक्षी सदस्यों ने विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा उनके कक्ष में बुलाई गई बैठक में भाग लिया और सदन में एक संयुक्त रणनीति पर विचार-विमर्श किया।
कांग्रेस सांसदों ने राहुल गांधी की अयोग्यता के खिलाफ लोकसभा में स्थगन नोटिस दिया है और राज्यसभा में विपक्ष के सांसदों ने हिंडनबर्ग मामले में निलंबन नोटिस और राजनीतिक नेताओं के खिलाफ जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का प्रस्ताव दिया है।
कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने सोमवार को लोकसभा में एक स्थगन नोटिस पेश किया, जिसमें कहा गया यह सदन राहुल गांधी की अयोग्यता पर चर्चा करने के लिए शून्यकाल और दिन के अन्य कार्यों को स्थगित करता है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि हम 18 राजनीतिक पार्टी मिलकर संयुक्त संसदीय समिति (JPC) की मांग कर रहे हैं। इससे सत्यता बाहर आएगी और लोगों को पता चलेगा कि हम यह मांग क्यों कर रहे हैं। आप JPC से क्यों डर रहे हैं? आपके पास 2/3 बहुमत है और उसमें भी आप ही के सदस्य ज्यादा रहेंगे। इसका मतलब है कि दाल में कुछ काला है
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने राहुल गांधी के संसद सदस्यता जाने के मुद्दे पर सभी विपक्षी पार्टियों का साथ देने के लिए शुक्रिया अदा किया है। उन्होंने कहा कि हम काले कपड़ों में आए हैं क्योंकि मोदी जी लोकतंत्र को एक-एक करके खत्म कर रहे हैं। चुनाव में जीतकर आए लोगों को धमकाया जा रहा है और अपनी सरकार बनाई जा रही है। जो झुकने से मना कर रहे हैं, उन्हें ED और CBI का डर दिखाया जाता है। खड़गे ने पूछा कि अडानी की संपत्ति ढाई साल में 12 लाख करोड़ कैसे हो गई।
विपक्षी सांसदों के विरोध के बीच दोनों सदनों की कार्यवाही शुरू होने के कुछ ही मिनटों के भीतर स्थगित कर दी गई। राज्यसभा दोपहर 2 बजे तक और लोकसभा आज शाम 4 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है। अडानी समूह के मुद्दे और राहुल गांधी की अयोग्यता को लेकर नारेबाजी की जा रही थी।