ज्वालामुखी के खौला में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, दो मासूम बेटियों को छोड़ गई पीछे
मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर लगाए हत्या के आरोप, अंतिम संस्कार से पहले हुआ हंगामा; पुलिस ने संभाला मोर्चा
ज्वालामुखी। ज्वालामुखी से सटी खौला पंचायत में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला गरमा गया है। विवाहिता की मौत के बाद मायके पक्ष और स्थानीय लोगों में रोष देखने को मिला। मृतका अपने पीछे दो मासूम बेटियों को छोड़ गई है।
जानकारी के अनुसार विवाहिता की मौत के बाद जब अंतिम संस्कार की तैयारियां की जा रही थीं, तो मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल पक्ष के खिलाफ कड़ा विरोध जताते हुए हंगामा कर दिया। स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बुलानी पड़ी। मायके पक्ष ने विवाहिता की मौत को सामान्य या प्राकृतिक मौत मानने से इनकार करते हुए ससुराल पक्ष पर हत्या के गंभीर आरोप लगाए हैं।
बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच पिछले कई दिनों से विवाद चल रहा था और इससे पहले भी मामला पुलिस तक पहुंच चुका था। ऐसे में विवाहिता की अचानक हुई मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
मायके पक्ष की ओर से लगाए गए आरोपों के बाद पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। पुलिस अब शव का पोस्टमार्टम करवाने की तैयारी में है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
फिलहाल विवाहिता की मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी। पुलिस की जांच पर अब सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।