धर्मशाला के विधायक ने कांग्रेस पर बोला जोरदार हमला, कहा राष्ट्रीय अध्यक्ष की अभद्र बयानबाजी से विश्व में खराब हो रही भारत की छवि
धर्मशाला- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के माता पिता पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अभद्र टिप्पणी को लेकर धर्मशाला के विधायक एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता सुधीर शर्मा ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला है। सुधीर शर्मा ने कहा कि कांग्रेस की हालत दिन प्रतिदिन बदतर होती जा रही है और पार्टी के पास जनता के मुद्दे उठाने के लिए कुछ नहीं बचा है। उन्होंने आरोप लगाया कि हताशा और निराशा में कांग्रेस नेता अपना स्तर गिराकर व्यक्तिगत टिप्पणियों पर उतर आए हैं जो एक राष्ट्रीय राजनीतिक दल के लिए बेहद शर्मनाक है।
सुधीर शर्मा ने कहा कि उन्होंने खड़गे के भाषण का पूरा वीडियो देखा है।
उन्होंने कहा कि जिस मंच से कांग्रेस अध्यक्ष भाषण दे रहे थे उसके सामने ऑडिटोरियम में कुर्सियां खाली दिखाई दे रही थीं। सुधीर शर्मा ने कहा कि यह स्थिति कांग्रेस की मौजूदा राजनीतिक हालत को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि इतने वरिष्ठ नेता होने के बावजूद कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के भाषण को सुनने के लिए लोगों का मौजूद नहीं होना पार्टी की स्थिति को उजागर करता है।
सुधीर शर्मा ने कहा कि वीडियो में पहले किसी व्यक्ति की टिप्पणी के जवाब में मल्लिकार्जुन खड़गे ने जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया वह उनकी हताशा और निराशा को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के पास आज कोई ठोस मुद्दा नहीं है इसलिए उसके नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं पर व्यक्तिगत टिप्पणियां करके राजनीतिक सुर्खियां बटोरने का प्रयास कर रहे हैं।
सुधीर शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री के माता पिता को लेकर इस तरह की टिप्पणी करना राजनीतिक मर्यादाओं के खिलाफ है और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष को इसकी जिम्मेदारी लेते हुए तुरंत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से माफी मांगनी चाहिए।
सुधीर शर्मा ने कहा कि कांग्रेस अपने आपको राष्ट्रीय पार्टी कहती है लेकिन उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष की ओर से इस तरह की अभद्र टिप्पणी किया जाना बेहद शर्मनाक है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की ऐसी बयानबाजी और बेमतलब के प्रदर्शनों से देश में अस्थिरता और अराजकता का माहौल पैदा हो रहा है जिससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की छवि खराब हो रही है। सुधीर शर्मा ने कहा कि कांग्रेस जनता का भरोसा पूरी तरह खो चुकी है और आने वाले समय में देश की जनता इस तरह की राजनीति का मुंहतोड़ जवाब देगी।