पालमपुर, 12 मई: नगर निगम चुनावों की तैयारियों को लेकर आज चौधरी सरवन कुमार कृषि विश्वविद्यालय, पालमपुर के सभागार में चुनावी पूर्वाभ्यास (रिहर्सल) का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण शिविर चुनाव पर्यवेक्षक एवं आईएएस अधिकारी सुनील शर्मा, सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम पालमपुर डॉ. ओपी यादव और नगर निगम के संयुक्त आयुक्त रमेश कुमार की अगुवाई में किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान सेक्टर अधिकारियों, पीठासीन अधिकारियों और मतदान अधिकारियों को संबोधित करते हुए चुनाव पर्यवेक्षक सुनील शर्मा ने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में मतदाताओं का विश्वास बनाए रखना मतदान कर्मियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि चुनाव की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी कर्मचारी अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ करें।
उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि राज्य चुनाव आयोग द्वारा जारी किए गए सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए ताकि स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव संपन्न हो सकें।
संयुक्त आयुक्त रमेश कुमार ने मतदान प्रक्रिया की बारीकियों पर प्रकाश डालते हुए सभी तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को नियम पुस्तिका (रूल बुक) का गहन अध्ययन करने का सुझाव दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनावी प्रक्रिया के दौरान किसी भी स्तर पर त्रुटि की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए, इसलिए नियमों की स्पष्ट समझ होना अनिवार्य है।
इस पूर्वाभ्यास के माध्यम से मतदान दलों को मतदान केंद्रों के प्रबंधन और तकनीकी पहलुओं से अवगत कराया गया ताकि मतदान के दिन प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित की जा सके।