मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने जनसंवाद कार्यक्रम के तहत प्रदेश के लोगों को ऑनलाइन संबोधित करते हुए उन्हें नव वर्ष 2023 की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अगले वर्ष राज्य सरकार का लक्ष्य प्रदेश के करीब एक लाख युवाओं को कौशलयुक्त करके विदेश में रोजगार दिलवाना है।
उन्होंने कहा की सरकार द्वारा निरोगी हरियाणा प्रोग्राम चलाया जाएगा जिसके तहत 2023 में राज्य के 1.25 करोड़ लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा और और इसका रिकॉर्ड भी रखा जाएगा ताकि भविष्य में होने वाली बीमारियों पर रोकथाम लगाई जा सके।
मुख्यमंत्री ने लोगों को आश्वस्त किया कि जिन पात्र लोगों का राशन कार्ड गलत कटा है, वह जनवरी 2023 में ठीक करके बकाया राशन का भुगतान किया जाएगा और गलत ढंग से काटने वाले अधिकारी या कर्मचारी से इसका हर्जाना वसूला जाएगा।