मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला में भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी को समर्पित सुशासन दिवस के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने सुशासन दिवस के अवसर पर सेवा सुरक्षा पोर्टल, औद्योगिक क्षेत्र आवेदन पोर्टल, प्रेस रिलीज मैनेजमेंट सिस्टम, ऑनलाइन प्रेस मान्यता पोर्टल, AI सक्षम इंस्टेंट रजिस्ट्रेशन सिस्टम, कॉफी टेबल बुक व नववर्ष कैलेंडर का लोकार्पण किया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित किए गए। मुख्यमंत्री ने राज्य के सभी 87 शहरी निकायों में अटल जी के नाम पर स्थल व प्रतिमा स्थापित करने की घोषणा की।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें एक दूरदर्शी राजनेता बताया। उन्होंने कहा स्वर्गीय अटल जी का जीवन ईमानदारी, लोकतांत्रिक मूल्यों और जन-केंद्रित शासन का प्रतीक रहा। मुख्यमंत्री ने भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को स्मरण करते हुए कहा कि वे अपने विचारों में जितने दृढ़ थे, उतने ही अपने मूल्यों और सिद्धांतों में भी अडिग थे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पंचकूला में राज्यस्तरीय सुशासन दिवस कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भले ही सरकारें आती-जाती रहीं, लेकिन अटल जी हमेशा अपने आदर्शों पर अटल रहे। उनके जीवन को निरंतर प्रेरणा का स्रोत बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जीवन यात्रा राष्ट्र को मूल्यों, ईमानदारी और सिद्धांतों पर आधारित नेतृत्व का महत्व सिखाती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार, अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा दिखाए गए मार्ग का दृढ़ता से अनुसरण कर रही है और सुशासन से जुड़े उनके आदर्श आज भी हरियाणा की नीतियों और जनसेवा को प्रेरित कर रहे हैं।