हिमाचल प्रदेश के गगरेट विधानसभा क्षेत्र के विधायक चैतन्य शर्मा अयोध्या में श्री राम मंदिर के दर्शन करवाने के लिए अपने क्षेत्र के लोगों को निशुल्क बस सेवा व अंब-अंदौरा रेलवे स्टेशन से ट्रेन के माध्यम से एक साल तक मुफ्त यात्रा करवाएंगे।
विधायक चैतन्य शर्मा की ओर से मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा के दिन से अयोध्या के लिए मुफ्त यात्रा का पंजीकरण भी शुरू कर दिया गया है। 22 फरवरी से निशुल्क यात्रा एक साल तक मुफ्त यात्रा करवाई जाएगी। अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा के पावन अवसर पर गगरेट क्षेत्र भी राम नाम में रंगा नजर आया। गगरेट क्षेत्र के हर गांव के मुख्य मंदिर में शोभायात्रा, हवन और भंडारे आयोजित किए गए।विधायक चैतन्य शर्मा ने भंजाल के बड़ा तालाब मैदान में लोगों को लाइव समारोह दिखाया।
विधायक चैतन्य शर्मा ने क्षेत्र के 19 प्रमुख मंदिरों श्री हनुमान मंदिर नकड़ोह, डेरा बाबा रुद्रानंद जी अमलेहड़, माता बगलामुखी मंदिर गगरेट, श्री हनुमान मंदिर गगरेट, श्री हनुमान मंदिर डंगोह खास, श्री हनुमान मंदिर डंगोह खुर्द, श्री हनुमान मंदिर गोंदपुर बनेहड़ा अपर, माता कुआ देवी मंदिर दौलतपुर, शिव मंदिर मवा सिंधिया, श्री हनुमान मंदिर मुबारिकपुर, श्री हनुमान मंदिर ओयल, श्री हनुमान मंदिर रायपुर, द्रोण शिव मंदिर अंबोटा, माता भद्रकाली मंदिर, श्रीराम मंदिर लोअर अंदोरा, श्रीराम मंदिर दियोली, श्री मौनी धाम मंदिर घनारी, श्रीराम मंदिर नंगल जरियाला, श्री हनुमान मंदिर भंजाल में राम पाठ व हवन यज्ञ करवाया। विधायक चैतन्य शर्मा ने कहा कि इतिहास के इस अलौकिक क्षण को राजनीति से ऊपर उठकर देखें। प्रतिवर्ष अब इस दिन को इसी तरह से मनाया जाएगा।