ज्वालामुखी की मझीन पंचायत में पशुशाला गिरने से मलबे के नीचे दबकर एक महिला की मौत हो गई जबकि उसकी सास और देवरानी गंभीर रूप से घायल हो गईं। मृतका की पहचान भागो देवी (40) पत्नी विपन कुमार के तौर पर हुई है, जबकि उसकी देवरानी राधा कुमारी (30) पत्नी सोनी कुमार तथा सास शकुंतला देवी (60) पत्नी रिखी राम निवासी गांव चौकी दबकेड़ को गंभीर अवस्था में टांडा रैफर किया गया है।
शकुंतला देवी को ज्वालामुखी अस्पताल में पहुंचाया गया। सास सहित दोनों बहुएं रविवार को शाम के समय पशुओं को चारा डालने के लिए पशुशाला में काम कर रही थीं, इसी दौरान अचानक पशुशाला की छत लोहे के गार्डर सहित नीचे आ गिरी, जिससे भागो देवी की मलबे के नीचे दब जाने से मौके पर ही मौत हो गई।
मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बड़ी मुश्किल से राधा देवी को बाहर निकाला और अस्पताल ले आए राधा देवी को प्राथमिक उपचार के बाद टांडा रैफर कर दिया गया। चिकित्सकों ने बताया कि राधा देवी के शरीर के कई भागों में गहरी चोटों के निशान हैं।
सूचना मिलते ही तहसीलदार ज्वालामुखी मनोहर लाल शर्मा की अगुवाई में प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और उनकी अगुवाई में राहत और बचाव कार्य आरंभ किया गया। इस संबंध में मनोहर लाल शर्मा ने बताया कि मृतक महिला के परिजनों को 25 हजार रुपए तथा दोनों घायल महिलाओं को 15-15 हजार रुपए की राहत राशि दी गई है।
मौके पर पहुंचे ज्वालामुखी के विधायक संजय रतन ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और घायल महिलाओं के उपचार के लिए सरकार द्वारा पूरी सहायता का आश्वासन दिया।
थाना प्रभारी ज्वालामुखी ओपी ठाकुर ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।