शिमला, 7 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी, हिमाचल प्रदेश की महत्वपूर्ण प्रदेश कोर ग्रुप बैठक आज सुबह 10:30 बजे पार्टी मुख्यालय दीपकमल, चक्कर (शिमला) में आयोजित होगी। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल करेंगे।
बैठक में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा तथा सह-प्रभारी संजय टंडन सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता भाग लेंगे।
सूत्रों के अनुसार, बैठक में प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों, संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने, आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों तथा भविष्य की चुनावी रणनीति पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। साथ ही जनसंपर्क अभियान, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और सरकार के खिलाफ पार्टी के आगामी आंदोलन की रूपरेखा पर भी मंथन होने की संभावना है।
हिमाचल प्रदेश में भाजपा की आगामी रणनीति तय करने के लिहाज से इस कोर ग्रुप बैठक को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठक में लिए गए निर्णयों का असर आने वाले दिनों में पार्टी के संगठनात्मक और राजनीतिक कार्यक्रमों पर देखने को मिल सकता है।