विदेश भेजने के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हो गया है। पुलिस ने मास्टर माइंड समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। रिमांड के दौरान इन लोगों से 111 पासपोर्ट और 6 लग्जरी गाड़ियां बरामद हुई हैं। इसके अलावा आरोपियों से 37 लाख रुपये बरामद किए।
पुलिस ने आरोपियों के सभी बैंक खाते सीज कर मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। इस उपलब्धि के लिए मंगलवार को अंबाला एसपी जश्नदीप रंधावा ने प्रेसवार्ता बुलाई और आरोपियों के कारनामों का पूरा चिट्ठा खोला। एसपी ने बताया कि मुख्य आरोपी तोपखाना निवासी गगनदीप सिंह उर्फ हन्नी और इसका भाई हरसिमरण सिंह उर्फ गिन्नी है। ये तोपखाना इलाके में कांफेक्शनरी की दुकान से चला रहा था। इसमें दिल्ली, यूपी, पंजाब और अंबाला के कई बड़े नाम शामिल थे। इस मामले में कई आरोपी पुलिस की नजर में है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। आरोपी गगनदीप सिंह उर्फ हन्नी के कब्जे से दो मर्सिडीज, एक रेंज रोवर स्पोर्ट, एक एंडेवर, एक फॉर्च्यूनर, एक रेंगलर और एक बुलेट बरामद की है।