पाकिस्तान एक बार फिर घुसपैठ करवाने और सुरक्षा संस्थानों को निशाना बनाने की फिराक में है। सुरक्षा एजेंसियों ने इनपुट मिलने के बाद अलर्ट जारी किया है। पठानकोट से लेकर जम्मू के रतनूचक तक रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है। इसके अलावा कठुआ के आर्मी पब्लिक स्कूल में बुधवार को सुरक्षा कारणों से अवकाश घोषित कर दिया गया है।
सुरक्षा कारणों से आर्मी पब्लिक स्कूल को जहां अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है, वहीं सभी महत्वपूर्ण इमारतों और संस्थानों की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। खुफिया एजेंसियों को अंदेशा है कि किसी सैन्य संस्थान या फिर उससे सटे इलाके को निशाना बनाया जा सकता है। पुलिस और अर्ध सैनिक बल भी अलर्ट पर हैं। गौरतलब है कि पुंछ में आतंकियों ने सेना पर हमला किया था। सुरक्षा एजेंसियों को इनपुट मिले हैं कि सैन्य वाहनों को भी निशाना बनाया जा सकता है। इस वजह से अकेले सैन्य वाहनों के मूवमेंट पर रोक लगा दी गई है। साथ ही यह भी कहा गया है कि किसी भी बाजार अथवा अन्य स्थानों पर सैन्य वाहन पार्क न किए जाएं। इन सबके मद्देनजर एहतियात बरतने के निर्देश दिए गए हैं।