अविनाश राय खन्ना का राजनीतिक अनुभव और मार्गदर्शन कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत : कर्ण नंदा
भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश के प्रदेश मीडिया संयोजक कर्ण नंदा ने होशियारपुर में भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व सांसद एवं हिमाचल प्रदेश भाजपा के पूर्व प्रभारी अविनाश राय खन्ना से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने खन्ना को आगामी पंजाब विधानसभा चुनावों के लिए भारतीय जनता पार्टी की घोषणा पत्र समिति का अध्यक्ष बनाए जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कर्ण नंदा ने कहा कि अविनाश राय खन्ना एक अनुभवी, कर्मठ एवं समर्पित राजनेता हैं, जिन्होंने संगठन के विभिन्न दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए भारतीय जनता पार्टी को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। हिमाचल प्रदेश भाजपा के प्रभारी के रूप में भी उनका मार्गदर्शन संगठन के कार्यकर्ताओं के लिए अत्यंत उपयोगी और प्रेरणादायक रहा है।
नंदा ने कहा कि अविनाश राय खन्ना से प्रत्येक मुलाकात में कुछ नया सीखने का अवसर प्राप्त होता है। उनका व्यापक राजनीतिक अनुभव, संगठनात्मक समझ, सरल स्वभाव और कार्यकर्ताओं के प्रति आत्मीयता उन्हें एक विशिष्ट पहचान प्रदान करती है। उनके विचार और मार्गदर्शन सदैव नई ऊर्जा एवं प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पंजाब भाजपा की घोषणा पत्र समिति के अध्यक्ष के रूप में अविनाश राय खन्ना अपने अनुभव और दूरदर्शिता से प्रदेश की जनता की आकांक्षाओं, विकास की आवश्यकताओं तथा जनहित के महत्वपूर्ण विषयों को घोषणा पत्र में प्रभावी स्थान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कर्ण नंदा ने अविनाश राय खन्ना को इस महत्वपूर्ण संगठनात्मक जिम्मेदारी के सफल निर्वहन के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।