फार्मेसी क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया जल्द ही हिमाचल प्रदेश फार्मेसी काउंसिल के सहयोग से रोजगार मेले का आयोजन करेगी। इसमें फार्मेसी क्षेत्र से जुड़े युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के साथ-साथ फार्मेसी संस्थानों और उद्योगों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने पर भी जोर दिया जाएगा। यह जानकारी फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. मोंटू एम. पटेल ने बिलासपुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान दी।
डॉ. पटेल ने कहा कि फार्मेसी क्षेत्र में युवाओं के लिए रोजगार की व्यापक संभावनाएं हैं। रोजगार मेले के माध्यम से योग्य फार्मेसी विद्यार्थियों को उद्योगों से जुड़ने का अवसर मिलेगा। इसके अलावा फार्मेसी के विद्यार्थियों द्वारा की जा रही रिसर्च का लाभ फार्मा उद्योगों तक पहुंचाने के लिए भी भविष्य में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि बिना विशेषज्ञों की सलाह के एंटीबायोटिक दवाओं का इस्तेमाल करना और उपचार के दौरान निर्धारित दवाओं का कोर्स बीच में छोड़ देना स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अपने 'मन की बात' कार्यक्रम में दवाओं के गलत इस्तेमाल से होने वाले दुष्प्रभावों पर चिंता व्यक्त की थी। इसके बाद फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया ने लोगों को दवाओं के सही इस्तेमाल के प्रति जागरूक करने के लिए व्यापक अभियान शुरू किया।
उन्होंने बताया कि अब तक देश के विभिन्न राज्यों में 40 से अधिक राज्य स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। इसके अतिरिक्त देश के करीब 6 हजार फार्मेसी संस्थानों में भी जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को दवाओं के उचित इस्तेमाल के बारे में जानकारी दी गई है।
डॉ. पटेल ने कहा कि फार्मेसी क्षेत्र में समय-समय पर नियमों, शैक्षणिक पाठ्यक्रमों और एडवाइजरी में बदलाव किए जा रहे हैं। केंद्र सरकार की ओर से फार्मेसी उद्योगों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम भी चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि फार्मासिस्ट स्वास्थ्य सेवाओं का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और उनकी भूमिका को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ाना आवश्यक है।
दवाओं के सैंपलों की गुणवत्ता से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि दवाओं की गुणवत्ता प्रभावित होने के पीछे कई कारक जिम्मेदार होते हैं। उन्होंने ड्रग कंट्रोल विभाग की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि विभाग बेहतर और प्रभावी ढंग से काम कर रहा है।
उन्होंने कहा कि फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया का प्रयास है कि दवाओं के सुरक्षित और उचित इस्तेमाल, फार्मासिस्ट की भूमिका तथा फार्मेसी क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार की संभावनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचे। विशेष रूप से युवाओं को इस क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों से अवगत करवाने के लिए जागरूकता कार्यक्रम जारी रहेंगे।
इस अवसर पर प्रदेश फार्मेसी काउंसिल के राज्य अध्यक्ष गोपाल कृष्ण, राज्य ड्रग कंट्रोलर मनीष कपूर, कार्यक्रम के राज्य समन्वयक हेमंत शर्मा और सुरेंद्र नड्डा भी मौजूद रहे।