# ज्वालामुखी के खौला में विवाहिता की मौत पर बवाल, श्मशानघाट में पत्थरबाजी से तनाव
**अंतिम संस्कार के दौरान मायके पक्ष की महिलाओं और ग्रामीणों ने किया विरोध, पुलिस को संभालनी पड़ी स्थिति**
ज्वालामुखी। ज्वालामुखी के समीपवर्ती खौला पंचायत में 26 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस द्वारा शव ससुराल पक्ष को सौंपे जाने के बाद जब अंतिम संस्कार के लिए शव ज्वालामुखी श्मशानघाट पहुंचा तो वहां माहौल तनावपूर्ण हो गया। मायके पक्ष की महिलाओं और ग्रामीणों ने अंतिम संस्कार का विरोध करते हुए जमकर हंगामा किया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए और मामला पत्थरबाजी तक पहुंच गया।
जानकारी के अनुसार श्मशानघाट में अंतिम संस्कार की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद मायके पक्ष की करीब 30 से 40 महिलाओं और ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया। जैसे ही अंतिम संस्कार की प्रक्रिया आगे बढ़ाने का प्रयास किया गया, महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने विरोध जताना शुरू कर दिया।
कुछ ही देर में स्थिति बिगड़ गई और दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ने के साथ पत्थरबाजी भी हुई। घटना के दौरान मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों को हालात नियंत्रित करने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने स्थिति को संभालने का प्रयास किया ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।
विवाहिता की मौत के बाद से ही मायके पक्ष में रोष व्याप्त है। परिजनों और ग्रामीणों की नाराजगी के चलते मामला लगातार संवेदनशील बना हुआ है। अंतिम संस्कार के दौरान हुए इस घटनाक्रम ने मामले को और गंभीर बना दिया है।
फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। विवाहिता की मौत के वास्तविक कारणों और घटना के दौरान हुई पत्थरबाजी को लेकर पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।