हिमाचली व्यंजनों के स्वाद ने जीता जर्मन दंपत्ति का दिल
भारत पर्व में विदेशी मेहमानों ने की जमकर सराहना
शिमला। हिमाचल प्रदेश के पारंपरिक व्यंजनों की खुशबू और लाजवाब स्वाद अब अंतरराष्ट्रीय मेहमानों को भी आकर्षित कर रहा है। गुजरात के एकतानगर (केवड़िया) में आयोजित भारत पर्व 2026 में हिमाचल प्रदेश की समृद्ध खानपान परंपरा ने जर्मन दंपत्ति का दिल जीत लिया।
भारत पर्व में स्थापित आईएचएम (इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट), शिमला की स्टूडियो किचन में पहुंचे जर्मन दंपती ने हिमाचली टीम द्वारा तैयार किए गए विभिन्न पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद चखा। दंपती ने उत्साह के साथ एक-एक व्यंजन का आनंद लिया और उनके स्वाद, गुणवत्ता तथा विशिष्टता की खुलकर सराहना की। उन्होंने हिमाचली व्यंजनों को लेकर अपनी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए टीम को शानदार फीडबैक भी दिया।
यह अनुभव हिमाचल प्रदेश की पारंपरिक पाक कला और स्थानीय खानपान की बढ़ती वैश्विक पहचान को दर्शाता है। हिमाचली व्यंजन न केवल यहां की प्राकृतिक विविधता और स्थानीय संसाधनों से जुड़े हैं, बल्कि प्रदेश की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और जीवनशैली की झलक भी प्रस्तुत करते हैं।
आईएचएम शिमला की टीम भारत पर्व के माध्यम से हिमाचल प्रदेश की विशिष्ट पाक विरासत को देश-विदेश से आने वाले आगंतुकों तक पहुंचा रही है। जर्मन दंपती की उत्साहजनक प्रतिक्रिया ने इस प्रयास को और सार्थक बनाया है। हिमालयी स्वाद की यह खुशबू अब सरहदों से परे भी लोगों के दिलों तक पहुंच रही है।