कुमारसैन में विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और खेलों से जुड़ने का दिया संदेश
पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी ने कहा कि समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति का सहयोग आवश्यक है। वह आज कुमारसैन स्थित डी.ए.वी. वरिष्ठ माध्यमिक पब्लिक स्कूल में आयोजित समारोह को सम्बोधित कर रहे थे।
अशोक तिवारी ने कहा कि प्रदेश में चलाए जा रहे एंटी चिट्टा जन आंदोलन का उद्देश्य नशा तस्करों के विरुद्ध कार्यवाही के साथ-साथ युवाओं को नशे से बचाना और उन्हें सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को नशे से दूर रखने के लिए शिक्षकों और अभिभावकों को बच्चों के व्यवहार पर ध्यान देना आवश्यक है। उन्होंने सभी से चिट्टे के विरुद्ध जागरूकता को घर-घर पहुंचाने की अपील की।
पुलिस महानिदेशक ने कहा कि ‘खेलो हिमाचल चिट्टा मुक्त हिमाचल’ अभियान के अंतर्गत कबड्डी, क्रिकेट और वॉलीबॉल प्रतियोगिताएं खण्ड, ज़िला और राज्य स्तर पर आयोजित करने की योजना तैयार की गई है। इससे ग्रामीण युवाओं की प्रतिभा को उचित मंच मिलेगा और उनकी ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगेगी।
उन्होंने कहा कि किसी भी खतरे, उत्पीड़न या आपातस्थिति में वह निडर होकर पुलिस की सहायता लें। उन्होंने कहा कि इआरएसएस-112 में हिमाचल प्रदेश ने इस सेवा के राष्ट्रीय प्रदर्शन में 34वें स्थान से प्रथम स्थान तक पहुंचकर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने प्रत्येक विद्यार्थी से कम से कम 05 अन्य लोगों को 112 के बारे में जागरूक करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि हिमाचल का भविष्य हमारे बच्चों और युवाओं के हाथों में है। यदि हर विद्यार्थी नशे को ‘ना’ कहे और हर परिवार इस अभियान से जुड़े, तो चिट्टा मुक्त हिमाचल का संकल्प अवश्य साकार होगा।
डीजीपी ने इस अवसर पर विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, कानून का पालन करने, पुलिस का सहयोग करने और चिट्टा मुक्त हिमाचल के निर्माण में योगदान देने का सामूहिक संकल्प दिलाया। उन्होंने विद्यालय के प्रधानाचार्य रमेश शर्मा, शिक्षकों और विद्यार्थियों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।