नई दिल्ली । भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार को पदभार ग्रहण करने के बाद पहले ही दिन भाजपा के केंद्रीय कार्यालय में यहाँ कार्यरत भाजपा परिवार के वरिष्ठ सदस्यों तथा पार्टी पदाधिकारियों से मुलाक़ात की एवं उनका मार्गदर्शन किया। इस कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी श्री अरुण सिंह, राष्ट्रीय महामंत्री श्री दुष्यंत गौतम, मुख्यालय सचिव एवं वरिष्ठ नेता श्री महेंद्र पांडे और कार्यालय अधीक्षक श्री सर्वेंद्र कुमार भी उपस्थित थे।
नवीन ने भाजपा मुख्यालय में आज सबसे पहले अलग-अलग विभागों में कार्यरत भाजपा परिवार के सभी वरिष्ठ सदस्यों से परिचय प्राप्त किया, उनके कार्यक्षेत्र के बारे में जाना और उन्हें अपने-अपने कार्यक्षेत्र में और अपने जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। साथ ही, उन्होंने सभी वरिष्ठ सदस्यों को मुंह मीठा कर उनका उत्साहवर्धन भी किया। पदभार ग्रहण करने के बाद पहले ही दिन अपने मुख्यालय के सहयोगियों के साथ आत्मीय संबंध स्थापित करना उनके व्यक्तित्व के एक अलग पहलू से परिचय करवाता है।
पार्टी मुख्यालय में कार्यरत भाजपा परिवार के सभी वरिष्ठ सदस्यों ने आदरणीय राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जी का करतल ध्वनि से स्वागत किया और उनके नेतृत्व में और अधिक परिश्रम से कार्य करने का संकल्प लिया। आदरणीय राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जी ने कहा कि कार्यालय, भाजपा का संस्कार केंद्र होता है और ये तो पार्टी का मुख्यालय है। यहाँ देश के कोने-कोने से देश के आम नागरिक और पार्टी कार्यकर्ता आशा और एक उम्मीद लेकर आते हैं। हमें इसका ख़याल होना चाहिए कि वे जब भी यहाँ आयें तो उन्हें ऐसा महसूस हो कि जैसे यह उनका कार्यालय है। हमें अपने आचार, विचार और संस्कार से पार्टी को और मजबूत करना है तथा आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के विजन को साकार करना है।