शहर के चक्कर रोड स्थित टेलीफोन एक्सचेंज के पास बनी नई सड़क दो दिन पहले अचानक धंस गई थी सड़क पर बना गहरा गड्ढा इतना बड़ा था कि इसमें पूरा व्यक्ति आसानी से समा सकता था। आज जिला प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर सड़क की मरम्मत का काम शुरू करवा दिया है। सीवरेज सिस्टम को ठीक करने, गड्ढे की भराई, लेयरिंग और सड़क को सुरक्षित बनाने का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है ताकि यातायात सुचारू रहे और कोई हादसा न हो।
अखिल भारतीय अग्रवाल समाज हरियाणा के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. राजकुमार गोयल ने डीसी मोहम्मद इमरान रजा का आज शुरू हुए त्वरित कार्य के लिए आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन की सक्रियता से लोगों में भरोसा बढ़ता है साथ ही गंभीर सवाल भी उठाए हैं कि आखिर बार-बार जींद में सड़क क्यों धंसती है? गोयल ने साथ ही दोहराया कि जींद शहर में सड़कों का बार-बार धंसना गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।
उन्होंने कहा को करोड़ों रुपये खर्च होकर भी सड़क कुछ ही महीनों में धंस जाए यह जनता के पैसे की बर्बादी और निर्माण कार्यों की खराब गुणवत्ता का बड़ा प्रमाण है। डॉ. गोयल ने प्रशासन से मांग की कि इस मामले की उच्च स्तरीय जांच करवाई जाए जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की पहचान कर कार्रवाई की जाए। आगे से सड़क निर्माण में गुणवत्ता चेकिंग अनिवार्य की जाए ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।