अखिल भारतीय अग्रवाल समाज हरियाणा के अध्यक्ष एवं प्रमुख समाजसेवी डा. राजकुमार गोयल की पहल का असर आखिरकार देखने को मिला। प्रशासन ने सोमवार को जींद के रोहतक रोड पर पानी का छिड़काव करवाया, जिससे उड़ती धूल और मिट्टी से लोगों को अस्थायी राहत मिली। इस कदम के लिए डॉ. गोयल ने प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।
गोयल ने बताया कि देवीलाल चौक से लेकर बाईपास तक का लगभग दो किलोमीटर लंबा हिस्सा पूरी तरह जर्जर हो चुका है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हैं और उड़ती धूल ने लोगों का चलना दूभर कर दिया है। पैदल चलना तो दूर, दोपहिया और चारपहिया वाहन चलाना भी जोखिम भरा हो गया है। उन्होंने कहा कि अब यह सड़क सचमुच "खतरे का जाल" बन चुकी है।
गोयल ने बताया कि इस मार्ग पर हर दिन हादसे हो रहे हैं। कभी बाइक सवार गिरते हैं तो कभी ऑटो पलट जाते हैं। स्थानीय व्यापारियों ने बताया कि धूल और टूटी सड़क के कारण ग्राहक आना बंद कर चुके हैं जिससे कारोबार बुरी तरह प्रभावित हुआ है। वहीं आसपास के लोगों को धूल के कारण सांस, खांसी और एलर्जी जैसी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
गोयल ने प्रशासन के सामने तीन प्रमुख मांगें रखी थी कि टूटी सड़क को तुरंत नए सिरे से बनाया जाए। जब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं होता, तब तक अस्थायी मरम्मत और समतलीकरण किया जाए। सड़क पर रोजाना पानी का छिड़काव जारी रखा जाए ताकि धूल और मिट्टी से लोगों को राहत मिले।
प्रशासन ने उनकी मांग पर अमल करते हुए पानी का छिड़काव किया है। गोयल का कहना है कि जब तक यह सड़क पूरी तरह से नहीं बन जाती तब तक पानी का छिड़काव नियमित जारी रहना चाहिए ताकि लोगों की सेहत और सुरक्षा दोनों बनी रहें। साथ ही सभी छोटे बड़े खड्डे भरने का काम भी युद्ध स्तर पर किया जाना चाहिए।