भारतीय डाक विभाग ने अपनी सेवाओं को आधुनिक और तेज बनाने के लिए डाक सेवा 2.0 ऐप लॉन्च किया है. इस ऐप के माध्यम से डाकघर से जुड़े काम अब मोबाइल फोन से घर बैठे हो जाएंगे. आप अपने स्मार्टफोन से गूगल प्ले स्टोर और आईफोन यूजर ऐपल ऐप स्टोर से डाउनलोड कर सकते है.
डाक विभाग के ऐप की मदद से आप अपने पार्सल और मनीऑर्डर की ट्रेकिंग कर पाएंगे। इससे डाक की गणना करना, मेल्स की बुकिंग, ई-रसीद, शिकायत दर्ज करने जैसे कई और काम कर सकते हैं। ऐप हिंदी के साथ अंग्रेजी, डोगरी, गुजराती, मराठी, पंजाबी, उर्दू, कोंकणी, मैथली और बंगाली समेत कुल 23 भाषाओं में काम की सुविधा देता है। ऐप के दाएं कोने में आपको भाषा का आइकन दिखेगा। इस पर क्लिक करके आप अपनी सुविधा के अनुसार कोई भी भाषा चुन कर उसे ऐप की डिफाल्ट भाषा बना सकते हैं।
इसके अलावा ऐप में डार्क मोड का फीचर भी दिया गया है जिससे रात में इस्तेमाल करना आसान हो जाता है। ऐप के ऊपर दाएं कोने पर ही दिए गए पहले आइकन से आप यह मोड ऑन कर सकते हैं। किसी भी सेवा को खोजने के लिए सर्च बार दिया गया है। इसमें जो आप खोजना चाहते हैं वह लिखेंगे तो तुरंत उसकी जानकारी मिल जाएगी।
शिकायत दर्ज कराने की भी सुविधा
किसी भी सुविधा को लेकर अगर आपकी कोई शिकायत है तो इस ऐप के जरिए वह भी दर्ज करवा सकते हैं। आप ऐप के जरिए पोस्ट ऑफिस, पार्सल, लेनदेन से जुड़ी कोई भी शिकायत दर्ज कर सकते हैं। साथ ही, शिकायत को ट्रैक भी कर सकते हैं। ऐप खोलने के बाद आप अपनी समस्या के लिए एक टोल फ्री नंबर पर कॉल भी कर सकते हैं, जो कि 18002666868 है। या आप ऐप के जरिए ऑनलाइन असिस्टेंट से चैट भी कर सकते हैं।
डिजिटल हो रहा डाक विभाग
डाक विभाग भी अब खुद को तेजी से डिजिटल बना रहा है। डाकघर के काउंटरों पर यूपीआई और डायनामिक कोड की सर्विस भी शुरू की गई है। डाक विभाग के द्वारा शुरू की गई यह एप्लीकेशन अब डाकघर की सेवा को और आधुनिक तथा यूजर फ्रेंडली बनाने का काम करेगी। इस ऐप को गूगल प्ले स्टोर से एक लाख से ज्यादा लोग डाउनलोड कर चुके हैं। इसकी लोकप्रियता भी बढ़ती जा रही है।