राजकुमार गोयल ने कहा 3 साल से बंद पड़ा है पूरा रोड, हजारों लोग परेशान, जिला उपायुक्त को ज्ञापन सौंप कर शीघ्र समाधान की मांग
जींद : भिवानी रोड रेलवे अंडरपास के निर्माण में हो रही देरी को लेकर जनता की परेशानी दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। इसी मुद्दे को लेकर आज जींद विकास संगठन का एक शिष्टमंडल संगठन के अध्यक्ष एवं प्रमुख समाजसेवी डॉ. राजकुमार गोयल, बलजीत रेढु, जसवंत लाठर इत्यादि के नेतृत्व में जिला उपायुक्त जींद से मिला और उन्हें ज्ञापन सौंपकर अंडरपास का कार्य जल्द से जल्द पूरा करवाने की मांग की। इस अवसर पर मनजीत सिंह, गोविन्द गुप्ता, अली नवाज खान, राजकुमार भोला, करतार सिंह, रोहित, आनंद सिंह, लोकेश इत्यादि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर राजकुमार गोयल ने कहा कि भिवानी रोड पर बन रहे रेलवे अंडरपास के निर्माण कार्य में काफी लेटलतीफी बरती जा रही है। उन्होंने कहा कि यह हैरानी की बात है कि एक छोटे से अंडरपास के लिए पूरे रोड को 3 साल से बंद करके रख दिया गया है। दर्जनों कॉलोनियों के हजारों लोग और सैकड़ों दुकानदार भारी परेशानी झेल रहे हैं। तीन महीने से तो यहां निर्माण का काम ही बंद है। कोई भी विभाग जिम्मेवारी लेने को तैयार नही है। एचएसआरडीसी कह रहा है कि हमारा काम खत्म हुआ रेलवे विभाग का काम बाकी है। रेलवे विभाग कोई जवाब नहीं दे रहा। आखिर यहां के लोग किसको फरियाद करे आखिर जींद प्रशासन और सरकार में से कोई तो जिम्मेदारी ले। गोयल ने कहा कि देश में शायद ही ऐसा कोई उदाहरण मिलेगा जहाँ एक छोटे से अंडरपास के कारण पूरे रोड को तीन साल तक बंद रखा गया हो। प्रशासन को चाहिए कि वह तुरंत हस्तक्षेप कर कार्य को प्राथमिकता से पूरा करवाए।
बलजीत रेढु, जसवंत लाठर व मनजीत सिंह ने बताया कि अंडरपास का कार्य 2022 में शुरू हुआ था और इसे मार्च 2024 तक पूरा किया जाना था लेकिन 2025 जाने को है फिर भी निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है। रोड बंद होने के चलते शहर से आने वाली जनता को रोहतक रोड बाईपास से घूमकर आना-जाना पड़ रहा है जिससे समय, ईंधन और पैसे की बर्बादी हो रही है। भिवानी रोड क्षेत्र में देवीलाल चौक से लेकर भिवानी रोड बाईपास तक के इलाके में अजमेर बस्ती, खेम नगर, बाल आश्रम बस्ती, भूपेंद्र नगर, गुप्ता कॉलोनी सहित दर्जनों कॉलोनियां हैं जिनमें करीब 15 हजार से अधिक लोग रहते हैं। अंडरपास बंद होने से इन सभी की आवाजाही बाधित है और दुकानदारों के कारोबार ठप पड़ गए हैं। जीन्द के डीसी ने शिष्ठमंडल की बात को बडे ध्यान से सुना उन्होने मौके पर ही अधिकारियों से बात की। डीसी ने आश्वासन दिया कि इस अंडरपास को जल्द ही पूरा करवाया जाएगा।