मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने आज गुरुग्राम के धनवापुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से 1882 करोड़ रुपए की 167 परियोजनाओं की आधारशिला एवं उद्धघाटन कर 'हरियाणा एक, हरियाणवी एक' के अपने विज़न को साकार करके हरियाणा के विकास की नई गाथा लिखी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वित्तमंत्री के रूप में उन्होंने बजट का नियोजन सही किया है और आज बजट का 34.5 प्रतिशत हिस्सा कैपिटल एक्सपेंडिचर के रूप में इंफ्रास्ट्रक्चर पर खर्च हो रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में एक समान विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार सभी विभागों में रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया पर काम कर रही है और इस वर्ष ग्रुप सी की 35 हजार और ग्रुप डी की 15 हजार पदों की भर्ती प्रक्रिया आरंभ की जाएंगी। केंद्र सरकार भी बड़े स्तर पर भर्तियां करने जा रही है जिसका लाभ हरियाणा के युवाओं को भी मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य है कि गरीब का हक पहले हो, इसलिए अंत्योदय की भावना से काम करते हुए सरकार आगे बढ़ी है। सरकार ने आईटी का उपयोग करते हुए व्यवस्थाएं बदली हैं जिससे लोगों को घर बैठे ही सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है।