वेदधारा ग्लोबल स्कूल का सालाना समारोह वेदोत्सव
प्रदेश टेक्निकल यूनिवर्सिटी के वाईस चांसलर शशि कुमार धीमान ज्वालामुखी के पास धनोट में शनिवार को आयोजित वेदधारा ग्लोबल स्कूल के सालाना समारोह वेदोत्सव में अपने संबोधन में कहा कि , विद्यार्थी देश के वर्तमान और भविष्य के आधार हैं, उनके उत्थान के लिए सरकार के साथ साथ समाज को भी हर संभव प्रयास करने चाहिए। उन्होंने कहा कि जीवन में कोई काम कठिन नहीं होता तथा अपनी लग्न ओर मेहनत से हर विद्यार्थी कोई भी मुकाम हासिल कर सकता है।
उन्होंने छात्रों को वार्षिक उत्सव की बधाई देते हुए कहा कि वार्षिकोत्सव किसी भी संस्थान के आत्म अवलोकन का समय होता है। उन्होंने कहा कि ऐसे उत्सवों में छात्रों की प्रतिभा दिखाई देती है और इसमें निखार आता है।
उन्होंने कहा कि इससे छात्रों का आत्म विश्वास बढ़ता है जो भविष्य में इनके काम आता है। वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में जहां एक और विद्यार्थियों में भारी उत्साह था वहीं दूसरी और अभिभावकों ने भी भारी संख्या में स्कूल के कार्यक्रम में भाग लिया।
वाईस चांसलर धीमान ने वेदधारा स्कूल प्रबंधन के शिक्षा क्षेत्र में दिये जा रहे योगदान की सराहना करते हुये कहा कि पढ़ाई के साथ साथ सह पाठ्यक्रम गतिविधियों को भी शामिल किया जाना चाहिये, ताकि बच्चों का सर्वांगीण विकास संभव हो सके। लेकिन यह संतोष की बात है कि यहां यह सब पहले ही किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बच्चों ने वार्षिक उत्सव में खूबसूरत कार्यक्रम प्रस्तुत किया है और बच्चों के मंच पर आने से उनका आत्मविश्वास बढ़ता है। उन्होंने कहा कि प्रतिस्पर्धा के दौर में बच्चों में तनाव भी देखने को मिल रहा है। उन्होंने तनाव को दूर करने के लिये योग के प्रचार व प्रसार करने की अपील भी की। इस अवसर पर छात्रों ने देशभक्ति , पंजाबी व पहाडी रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किये।
वहीं , स्कूल प्रिंसिपल मनोज जोशी ने सालाना रिपोर्ट पढी। स्कूल प्रबंधक निगम शर्मा व अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।