पेयजल एवं स्वच्छता विभाग ने जिला कलेक्टरों के पेयजल संवाद का 14वां संस्करण आयोजित किया
कांगड़ा , हिमाचल प्रदेश उपायुक्त हेमराज बैरवा ने भौगोलिक दृष्टि से चुनौतीपूर्ण हिमालयी क्षेत्र में सतत पेयजल सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए जिले द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि जिले ने शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया है तथा हर घर जल प्रमाणीकरण के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति की है। शेष गांवों के लिए प्रमाणीकरण की प्रक्रिया जारी है।
प्रस्तुति में दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों, बिखरी हुई बस्तियों, बिजली संबंधी बाधाओं, पुरानी हो चुकी जल वितरण प्रणालियों, मानसून के दौरान उत्पन्न व्यवधानों तथा संचालन एवं रखरखाव से जुड़ी आवश्यकताओं जैसी चुनौतियों को रेखांकित किया गया।
इन चुनौतियों से निपटने के लिए कांगड़ा जिले ने पुरानी जलापूर्ति योजनाओं के पुनरुद्धार एवं विस्तार, पंपिंग प्रणालियों को मजबूत करने, अतिरिक्त जल भंडारण अवसंरचना के निर्माण तथा जल स्रोतों की दीर्घकालिक स्थिरता सुनिश्चित करने से जुड़े उपायों को प्राथमिकता दी है।
जिले ने जल गुणवत्ता निगरानी के अपने व्यापक नेटवर्क और ग्राम जल एवं स्वच्छता समितियों के माध्यम से सामुदायिक सहभागिता के प्रयासों को भी प्रदर्शित किया। इनमें महिला सदस्यों का प्रशिक्षण और जागरूकता अभियान शामिल हैं। प्रस्तुति में निवारक रखरखाव की कार्यप्रणालियों, शिकायत निवारण प्रणालियों तथा क्षेत्रीय स्तर पर कार्यरत हितधारकों के निरंतर क्षमता विकास को जिले की रणनीति के प्रमुख आधार स्तंभों के रूप में रेखांकित किया गया।