सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल कांगड़ा के युवक को मैक्स अस्पताल में मिला नया जीवन
धर्मशाला: मैक्स सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, मोहाली के डॉक्टरों ने सड़क हादसे में आंतों में गंभीर चोट लगने से जूझ रहे कांगड़ा निवासी 31 वर्षीय युवक का दो चरणों में जटिल सर्जरी कर सफल उपचार किया। इस सर्जिकल प्रक्रिया के माध्यम से मरीज की आंतों की निरंतरता (इंटेस्टाइनल कंटिन्यूटी) को सफलतापूर्वक बहाल किया गया और उसे जानलेवा स्थिति से उबरने में मदद मिली।
कांगड़ा निवासी मनोज कुमार मोटरसाइकिल पर जा रहे थे, तभी उनका सड़क हादसा हो गया, जिसमें उनके पेट में गंभीर चोटें आईं। उन्हें विशेष उपचार के लिए मैक्स अस्पताल, मोहाली में भर्ती कराया गया। अस्पताल पहुंचने से पहले उन्हें 8–9 बार उल्टियां हो चुकी थीं और पिछले चार दिनों से मल एवं गैस पास नहीं हो रही थी। जांच में उनकी छोटी आंत में रुकावट का पता चला, जिसके चलते तत्काल सर्जरी की आवश्यकता पड़ी।
जीआई, एमएएस एवं बैरियाट्रिक सर्जरी विभाग के एसोसिएट डायरेक्टर डॉ. अमनदीप सिंह संधू की देखरेख में मरीज की इमरजेंसी एक्सप्लोरेटरी लैपरोटॉमी की गई। इस प्रक्रिया में पेट खोलकर आंतरिक अंगों की स्थिति और चोटों की गंभीरता का आकलन किया गया। सर्जरी के दौरान छोटी आंत के क्षतिग्रस्त हिस्से को निकाल दिया गया। इसके साथ ही एंड इलियोस्टॉमी की गई, जिसमें पेट पर एक कृत्रिम रास्ता बनाया जाता है, जिससे आंतों का अपशिष्ट पदार्थ एक बाहरी बैग में एकत्रित हो सके।
पहली सर्जरी के बाद स्वास्थ्य में सुधार होने पर मरीज को उपचार के दूसरे चरण के लिए दोबारा मैक्स अस्पताल में भर्ती किया गया। इस चरण में इलियोस्टॉमी को बंद कर आंतों की सामान्य निरंतरता बहाल करना शामिल था।
डॉ. संधू और उनकी टीम ने एंडो-जीआईए स्टेपलर की सहायता से एंड इलियोस्टॉमी क्लोजर के साथ इलियो-एसेंडिंग कोलन साइड-टू-साइड एनास्टोमोसिस की प्रक्रिया की। इसमें छोटी आंत के अंतिम हिस्से (इलियम) को बड़ी आंत के हिस्से (एसेंडिंग कोलन) से दोबारा जोड़ा गया, ताकि आंतों की सामग्री का सामान्य प्रवाह बहाल किया जा सके।
दूसरी सर्जरी के दौरान डॉक्टरों की टीम ने एडहीजियोलाइसिस भी किया। इस प्रक्रिया में छोटी और बड़ी आंतों के आसपास बने आंतरिक निशान ऊतकों और चिपकाव को हटाया गया। इसके अतिरिक्त, लिवर फंक्शन टेस्ट की असामान्य रिपोर्ट को देखते हुए लिवर बायोप्सी भी की गई।
डॉ. संधू ने बताया, “आंतों की जटिल चोटों के उपचार के लिए अक्सर योजनाबद्ध और चरणबद्ध सर्जिकल प्रक्रिया अपनाने की आवश्यकता होती है। इस मामले में पहली सर्जरी के दौरान क्षतिग्रस्त आंत को हटाया गया, जबकि दूसरी सर्जरी में आंतों की सामान्य निरंतरता बहाल की गई। उपचार के दोनों चरणों में सावधानीपूर्वक सर्जिकल योजना और ऑपरेशन के बाद उचित देखभाल महत्वपूर्ण रही।”