वेद धारा ग्लोबल स्कूल में हर्षोल्लास से मनाया गया ‘वेदोत्सव–2026’
*भारतीय संस्कृति एवं आधुनिकता के समन्वय ने मोहा सबका मन*
ज्वालामुखी। वेद धारा ग्लोबल स्कूल, धनोट में वार्षिक समारोह ‘वेदोत्सव–2026’ हर्षोल्लास एवं गरिमापूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। इस वर्ष समारोह की थीम ‘भारतीय संस्कृति की विविधता एवं आधुनिकता का समन्वय’ रही। विद्यार्थियों ने नृत्य, संगीत, नाट्य एवं रंगारंग प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, परंपराओं, नैतिक मूल्यों और आधुनिक विचारों का सुंदर संगम प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री संदीप चौधरी जी द्वारा दीप प्रज्वलन से हुआ। पुणे से विशेष रूप से पधारे श्री चौधरी, जो इन्फोसिस में कंसल्टिंग पार्टनर रह चुके हैं तथा वर्तमान में एआई इन एजुकेशन के प्रोफेसर हैं, का हिमाचली परंपरा के अनुसार शॉल, टोपी एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मान किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम, आत्मविश्वास एवं लक्ष्य निर्धारण का महत्त्व समझाते हुए सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहकर आधुनिक ज्ञान और तकनीक अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को असफलता से सीखने और विनम्र बने रहने की सीख दी
विद्यालय के निदेशक श्री शैलेन्द्र मिश्रा ने विद्यालय और अभिभावकों के बीच पारस्परिक समन्वय पर जोर देते हुए अच्छे नागरिक बनाने की विद्यालय की प्रतिबद्धता दोहराई । विद्यालय के निदेशक श्री अजय डोगरा, प्रबंधक श्रीमती निगम शर्मा और श्रीमती उर्मिला शर्मा भी इस अवसर पर उपस्थित रही।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता और आत्मविश्वास की शानदार झलक देखने को मिली, जिसे उपस्थित अभिभावकों एवं अतिथियों ने खूब सराहा।
प्रधानाचार्य श्री मनोज जोशी ने धन्यवाद ज्ञापन में मुख्य अतिथि, विद्यालय प्रबंधन, अभिभावकों, शिक्षकगण, विद्यार्थियों तथा आयोजन में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने संस्कारवान, आत्मनिर्भर एवं जिम्मेदार नागरिकों के निर्माण को विद्यालय का प्रमुख उद्देश्य बताया।
बड़ी संख्या में उपस्थित अभिभावकों एवं गणमान्य अतिथियों की सहभागिता ने समारोह की शोभा बढ़ाई। प्रीतिभोज के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। ‘वेदोत्सव–2026’ ने भारतीय सांस्कृतिक विरासत से जुड़े रहते हुए आधुनिकता को अपनाने का प्रेरक संदेश दिया।