महिला मंडल हरलोग की मांग पर बनेगा राधा-कृष्ण मंदिर, 5 सितंबर को होगा भूमि पूजन
हरलोग। हरलोग में महिला मंडल की मांग पर राधा-कृष्ण मंदिर का निर्माण किया जाएगा। हरे कृष्णा संस्था ने मंदिर निर्माण का पूरा खर्च उठाने की घोषणा की है। मंदिर का भूमि पूजन 5 सितंबर 2026 को होगा। मंदिर के लिए रामप्यारी चंदेल अपने स्वर्गीय पति दलेल सिंह चंदेल की इच्छा को पूरा करते हुए भूमि दान कर रही हैं।
महिला मंडल हरलोग की बैठक प्रधान मीना चंदेल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिला परिषद उपाध्यक्ष प्रोमिला चंदेल ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की, जबकि हरे कृष्णा संस्था के अध्यक्ष विशाल जगोता विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान महिला मंडल हरलोग की प्रधान मीना चंदेल ने बताया कि महिला मंडल की ओर से हरे कृष्णा संस्था के अध्यक्ष विशाल जगोता के समक्ष महिला मंडल भवन के साथ राधा-कृष्ण मंदिर निर्माण की मांग रखी गई थी। संस्था ने इस मांग को स्वीकार करते हुए मंदिर निर्माण का निर्णय लिया है।
हरे कृष्णा संस्था के अध्यक्ष विशाल जगोता ने बैठक में जानकारी दी कि **राधा-कृष्ण मंदिर का भूमि पूजन 5 सितंबर 2026 को किया जाएगा।** उन्होंने कहा कि यह मंदिर महिला मंडल हरलोग की मांग पर बनाया जा रहा है और मंदिर निर्माण में आने वाला पूरा खर्च हरे कृष्णा संस्था की ओर से वहन किया जाएगा।
मीना चंदेल ने बताया कि मंदिर निर्माण के लिए महिला मंडल हरलोग की वरिष्ठ उपप्रधान रामप्यारी चंदेल अपने स्वर्गीय पति दलेल सिंह चंदेल की स्मृति में भूमि दान कर रही हैं। उन्होंने बताया कि स्वर्गीय दलेल सिंह चंदेल की इच्छा थी कि इस स्थान पर राधा-कृष्ण का मंदिर बनाया जाए। इससे पहले भी उन्होंने महिला मंडल हरलोग के लिए अपने माता-पिता के नाम पर **दो विश्वा भूमि दान** की थी।
इस अवसर पर जिला परिषद उपाध्यक्ष प्रोमिला चंदेल और समाजसेवी सोनू ठाकुर ने भी मंदिर निर्माण की पहल का स्वागत किया। महिला मंडल की सदस्यों ने हरे कृष्णा संस्था के अध्यक्ष विशाल जगोता, जिला परिषद उपाध्यक्ष प्रोमिला चंदेल और समाजसेवी सोनू ठाकुर का मंदिर निर्माण का निर्णय लेने के लिए आभार व्यक्त किया।
बैठक में महिला मंडल प्रधान मीना चंदेल, महासचिव सुनीता शर्मा, वरिष्ठ उपप्रधान रामप्यारी चंदेल, मुख्य सलाहकार नीलम चंदेल, सलाहकार विद्या देवी, कोषाध्यक्ष मीना देवी, संगठन सचिव सरस्वती चंदेल सहित सुमना, कांता देवी, मीरा देवी, उमा देवी, वीना देवी, रंजना देवी, वीना शर्मा, सीमा देवी, पूनम शर्मा और सपना देवी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहीं।
प्रधान मीना चंदेल ने बताया कि बैठक में गांव के करीब **20 पुरुषों तथा महिला मंडल की लगभग 25 सदस्यों** ने भाग लिया। मंदिर निर्माण की घोषणा से ग्रामीणों और महिला मंडल सदस्यों में खुशी का माहौल है।