शिमला, 24 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने लाहौल-स्पीति जिले के करूनाला क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे में 13 लोगों की दर्दनाक मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त वाहन में सवार सभी यात्री कुल्लू से चंबा जिले के पांगी क्षेत्र की ओर जा रहे थे। हादसा अत्यंत भयावह था, जिसमें कई लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कुछ अन्य घायल हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन को तुरंत राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने उपायुक्त लाहौल-स्पीति को स्वयं घटनास्थल पर पहुंचकर राहत अभियान की निगरानी करने तथा पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और आपदा प्रबंधन टीमों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि घायलों को शीघ्र चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता प्रदान की जाए तथा घायलों के उपचार में किसी भी प्रकार की कमी न रहने दी जाए। गंभीर रूप से घायलों को आवश्यकता पड़ने पर उच्च स्वास्थ्य संस्थानों में रेफर करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
श्री सुक्खू ने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए कहा कि प्रशासन को राहत एवं पुनर्वास कार्यों में पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने संबंधित विभागों को दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच करने तथा भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि यह हादसा अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है तथा इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति भगवान शोक संतप्त परिवारों को प्रदान करें। राज्य सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।