विश्व शांति, प्रदेश की खुशहाली और जनकल्याण की कामना के साथ हुआ हवन यज्ञ का समापन
डेटलाइन ज्वालामुखी | 22 जुलाई - 15 जुलाई से शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी मंदिर में आरंभ हुए गुप्त नवरात्र महोत्सव का बुधवार को वैदिक मंत्रोच्चार एवं हवन-यज्ञ की पूर्णाहुति के साथ विधिवत समापन हो गया। नौ दिनों तक चले इस धार्मिक अनुष्ठान में मां ज्वाला के दरबार में प्रतिदिन श्री दुर्गा सप्तशती (सच्चंडी) पाठ, विशेष पूजा-अर्चना तथा हवन का आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेश और देशभर से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भाग लेकर विश्व शांति एवं जनकल्याण की कामना की।
समापन अवसर पर ज्वालामुखी के विधायक संजय रतन ने मंदिर पहुंचकर मां ज्वाला के दर्शन किए और यज्ञ में पूर्णाहुति अर्पित कर प्रदेश व देश की सुख-समृद्धि की कामना की।
मीडिया से बातचीत में विधायक संजय रतन ने कहा कि गुप्त नवरात्र के दौरान मंदिर में विश्व शांति के उद्देश्य से सच्चंडी पाठ एवं विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए थे। आज उनका विधिवत समापन हवन एवं पूर्णाहुति के साथ संपन्न हुआ।
उन्होंने कहा, "हमने मां ज्वाला से प्रार्थना की है कि उनका आशीर्वाद पूरे विश्व, समाज और हिंदुस्तान पर बना रहे। विशेष रूप से हिमाचल प्रदेश और ज्वालामुखी क्षेत्र के लोगों पर मां की कृपा बनी रहे, ताकि सभी सुखी, समृद्ध और खुशहाल रहें। हर घर में मंगल कार्य हों, सभी निरंतर उन्नति करें और प्रदेश में शांति एवं समृद्धि बनी रहे।"
विधायक ने कहा कि मां ज्वाला की असीम कृपा से समाज में भाईचारा, सुख-शांति और समृद्धि का वातावरण बना रहे। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को गुप्त नवरात्र महोत्सव के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
गौरतलब है कि 15 जुलाई को गुप्त नवरात्र महोत्सव का शुभारंभ विशेष पूजा-अर्चना एवं कलश स्थापना के साथ हुआ था। नौ दिनों तक मंदिर में धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम जारी रहा और बुधवार को हवन-यज्ञ की पूर्णाहुति के साथ इस पावन आयोजन का समापन संपन्न हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मां ज्वाला के दर्शन कर परिवार, समाज और विश्व के कल्याण की कामना की।