मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने नव वर्ष-2023 की पहली संध्या में आज मनाली के मॉल रोड पर सैर की।
इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों और पर्यटकों से बातचीत की तथा उन्हें नए साल में खुशहाली व समृद्धि की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ विधायक सुंदर सिंह ठाकुर और भुवनेश्वर गौड़, उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक कुल्लू तथा अन्य गणमान्य लोग भी थे। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने को सरकार ओपन पॉलिसी लाएगी। इस पॉलिसी का खुलासा बजट सत्र में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश पर्यटन राज्य है, यहां देश-विदेश से लाखों मेहमान घूमने आते हैं। सरकार यह प्रयास करेगी कि उन्हें अधिक से अधिक सुविधा मिले, नीतिगत निर्णय लेकर जल्द ही पर्यटन के आधारभूत ढांचे को मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नीतिगत निर्णय के तहत सरकार ने मनाली, शिमला, कसौली व धर्मशाला में रेस्तरां व ढाबों को 24 घंटे खुला रखने का निर्णय लिया है ताकि पर्यटकों को कोई असुविधा न हो। सरकार ने गरीब व अनाथ बच्चों के लिए 101 करोड़ रुपए का मुख्यमंत्री सचिव कोष खोला है ताकि उनकी सही तरीके से मदद हो सके।