रेणुका के कांग्रेस विधायक विनय कुमार विधानसभा उपाध्यक्ष चुने गए हैं। तपोवन में मंगलवार को शुरू हुए विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले दिन उनका सर्वसम्मति से चुनाव किया गया। विधानसभा में विनय कुमार को विधानसभा उपाध्यक्ष चुनने के लिए तीन नामांकन प्रस्ताव पेश किए गए। पहला प्रस्ताव मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने प्रस्तुत किया, जिसका अनुमोदन उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने किया। दूसरा प्रस्ताव कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने रखा और अनुमोदन सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल ने किया। तीसरा नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने रखा, जिसका अनुमोदन चुराह के भाजपा विधायक हंसराज ने किया।
राज्य विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने सदन को इससे पहले इन तीन नामांकनों के मिलने की जानकारी दी। इन तीनों प्रस्तावों को सदन में ध्वनिमत से पारित किया गया। सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित होने के बाद मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और संसदीय कार्यमंत्री हर्षवर्धन चौहान उन्हें उपाध्यक्ष के आसन तक ले गए। उसके बाद नवनियुक्त उपाध्यक्ष विनय कुमार ने सदन का इस जिम्मेवारी मिलने के लिए आभार जताया। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने भी उनका स्वागत किया। यह उल्लेखनीय है कि विधानसभा उपाध्यक्ष की यह नियुक्ति सरकार बनने के एक साल बाद की गई है। पिछले तीन सत्रों की बैठकें विधानसभा उपाध्यक्षों की गैरहाजिरी में ही संपन्न हुईं।