ज्वालामुखी के विधायक संजय रतन ने स्थानीय सिविल अस्पताल का दौरा कर इंतजामों का जायजा लिया व मरीजों का हालचाल जाना । यहां दाखिल मरीजों ने भी उनके साथ अपनी बात सांझा की। उन्होंने स्थानीय अस्पताल में बेहतर सुविधायें मरीजों को प्रदान करने का आदेश अस्पताल प्रबंधन को दिया।
उन्होंने कहा कि ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र का सर्वागींण विकास उनकी प्राथमिकता है और ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र में स्वच्छ पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और सिंचाई सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि लोगों के सहयोग और मांगों को ध्यान में रखकर क्षेत्र का योजनात्मक विकास सुनिश्चित बनाया जा रहा है ।
संजय रतन ने कहा कि प्रदेश सरकार जन सेवा और जन कल्याण के मूलमंत्र को समक्ष रखकर कार्य कर रही है। गरीब व उपेक्षित वर्गों का उत्थान, महिला सशक्तिकरण, जन भागीदारी से सुशासन, जन समस्याओं का त्वरित निवारण, पारदर्शी प्रशासन तथा सभी वर्गों व क्षेत्रों का समान एवं संतुलित विकास प्राथमिकता है।
इससे पहले उन्होंने रोगी कल्याण समिति की बैठक में एसडीएम संजीव कुमार के साथ शिरकत की। ज्वालामुखी सिविल अस्पताल की रोगी कल्याण समिति में कांग्रेस नेता अजय शर्मा को सदस्य बनाया गया। वह व्यापार मंडल के प्रतिनिधि के तौर पर शामिल किये गये हैं। जबकि रिटायर्ड प्रिसिंपल ओ पी वशिष्ठ समाज सेवी विरेन्दर शर्मा और पत्रकार बिजेन्दर शर्मा के अलावा जिला परिषद सदस्य सीमा राणा को भी सदस्य बनाया गया है।