Ambuja cement प्लांट बंद होने से प्रदेश में सीमेंट का संकट गहरा सकता है। अदाणी समूह की एसीसी सीमेंट फैक्ट्री बरमाणा के प्लांट हेड ने बुधवार शाम को नोटिस जारी कर फैक्ट्री में अनिश्चित काल के लिए सभी गतिविधियां बंद करने की घोषणा की। एसीसी सीमेंट फैक्ट्री बरमाणा से जिला बिलासपुर और प्रदेश के करीब 3,800 ट्रक ऑपरेटर जुड़े हैं। अचानक प्लांट बंद होने से सप्लाई भी रोक दी गई है। लिए गए ऑर्डर भी रद्द कर दिए गए हैं।
ACC cement फैक्ट्री के बरमाणा प्लांट और अंबुजा सीमेंट प्लांट दाड़लाघाट में अगले आदेशों तक काम बंद होने से करीब 15,000 परिवारों की रोजी-रोटी पर संकट छा गया है। दोनों प्लांट में अनिश्चित काल के लिए सभी गतिविधियां बंद करने की घोषणा से कर्मचारी और अन्य वर्कर परेशान हैं। बताया जा रहा है कि प्रदेश में करीब 120 से 150 डीलर हैं। इन्हें बाहरी राज्यों से सीमेंट खरीदना पड़ेगा। बाहरी राज्यों से सीमेंट की सप्लाई शुरू होने से सीमेंट के दाम में ओर उछाल आने की भी संभावना है।
बता दें कि अंबुजा सीमेंट के दाड़लाघाट स्थित प्लांट में एक वर्ष में दो मिलियन टन प्रति वर्ष उत्पादन होता है। रोजाना पांच से छह मीट्रिक टन उत्पादन होता है। यहां से देश भर में सीमेंट की सप्लाई होती है। जिले के अन्य सीमेंट प्लांट को मिलाकर 7 से 8 फीसदी सीमेंट का उत्पादन होता है। गुजरात, बंगाल, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ समेत हिमाचल में सीमेंट सप्लाई होता है। प्लांट बंद होने से बाहरी राज्यों में कुछ खासा असर देखने को नहीं मिलेगा, जबकि हिमाचल में काफी असर पड़ेगा।