शिमला के एसपी संजीव गांधी ने बताया कि पिछले दो दिनों में काफी मात्रा में पर्यटक आए हैं। पिछले 2 दिनों में लगभग 30,000 गाड़ियां शिमला में आई हैं। ट्रैफिक प्रबंधन के लिए हम भरसक प्रयास कर रहे हैं। इसके लिए हमने पिछले 2 महीनों से जो प्लानिंग की थी उसके आधार पर काम कर रहे हैं।
इस हफ्ते रिकॉर्ड सैलानी शिमला पहुंचे हैं। शहर के होटलों में 90 फीसदी कमरे बुक हैं। सैलानियों की आवाजाही बढ़ने से पर्यटन कारोबारी उत्साहित हैं। हालांकि पर्यटक वाहनों की भीड़ बढ़ने से शहर में ट्रैफिक जाम होने से स्थानीय लोगों और सैलानियों को परेशानी झेलनी पड़ी। शनिवार को भी शहर में पर्यटक वाहनों की आवाजाही जारी रही।
सुबह से ही पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों के वाहन शिमला पहुंचने शुरू हो गए। टुटीकंडी क्राॅसिंग से विक्ट्री टनल की ओर वाहनों की भीड़ बढ़ने पर पुलिस ने वाहनों को आईएसबीटी बाईपास पर डायवर्ट कर दिया। खलीनी होते हुए पर्यटक वाहन लिफ्ट पर पहुंचे। लिफ्ट की बहुमंजिला पार्किंग, नगर निगम की मैट्रोपोल पार्किंग और पर्यटन विकास निगम की होलीडे होम पार्किंग पैक होने के बाद पर्यटक वाहन सड़क किनारे खड़े होने से जाम लग गया। पर्यटन विकास निगम की लिफ्ट में भी शनिवार को भारी भीड़ रही। रिज मैदान और मालरोड पर पूरे दिन सैलानियों का तांता लगा रहा। शिमला के अलावा कुफरी और नारकंडा में भी शनिवार को सैलानियों की भारी भीड़ उमड़ी।