समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार नाइंसाफी की सारी सीमाएं लांघ गई हैं। भाजपा के अन्याय, अत्याचार और बेईमानी के खिलाफ जनता खड़ी हो रही है। रविवार को नई दिल्ली में मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि वाराणसी में विधान परिषद के चुनाव में भाजपा की डबल हार हुई है। डबल इंजन की बात करने वाले वाराणसी में डबल जीरो हो गए। भाजपा ने एक बार की हार को नहीं स्वीकार किया, धांधली करने के लिए चुनाव आयोग से मिलकर दोबारा मतगणना कराया, उसमें भी भाजपा की हार हुई।
इसी तरह से भाजपा चुनाव आयोग से मिलकर मतदाता सूची में धांधली कर रही है, देश की जनता के साथ धोखा कर रही है। उत्तर प्रदेश में विधान परिषद का चुनाव हारने के बाद अब यूपी के मुख्यमंत्री भी स्वीकार कर रहे हैं, कि एसआईआर में वोट कट गए हैं । वह कह रहे हैं कि हिंदुओं के एक करोड़ 27 लाख वोट कम हो गए। मुख्यमंत्री जी को यह आंकड़ा कहां से मिला। यही नहीं यूपी के मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि लाभार्थी लोगों के वोट कम हो गए।
अखिलेश यादव ने कहा कि जिनके वोट कटे हैं, उन सभी से मेरी अपील है, लोकतंत्र और संविधान बचाने के इस आंदोलन में शामिल हो, यह आंदोलन मु.चु.आ. (मुख्य चुनाव आयुक्त) और जुमलो के खिलाफ है।