ज्वालामुखी। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक कन्या पाठशाला ज्वालामुखी में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) शिविर का शुभारंभ उत्साह और सेवा भावना के साथ हुआ। शिविर का उद्घाटन नगर परिषद ज्वालामुखी की अध्यक्षा **सोम किरण शर्मा** ने किया।
इस अवसर पर स्वयंसेवियों को संबोधित करते हुए सोम किरण शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों में सेवा भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने स्वयंसेवियों से शिविर की सभी गतिविधियों में पूरे उत्साह, समर्पण और अनुशासन के साथ भाग लेने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि एनएसएस केवल सेवा कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों को समाज की वास्तविक परिस्थितियों से जोड़कर जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करता है। शिविर के दौरान स्वयंसेवी स्वच्छता अभियान, सामाजिक जागरूकता, समाज सेवा और विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे।
शिविर की दैनिक गतिविधियों में प्रातःकालीन सभा, प्रभात फेरी, मार्च पास्ट, योगाभ्यास, स्वच्छता अभियान तथा अन्य सामाजिक गतिविधियां शामिल रहेंगी। इसके साथ ही स्वयंसेवियों के ज्ञानवर्धन और व्यक्तित्व विकास के लिए नियमित बौद्धिक सत्र भी आयोजित किए जाएंगे।
बौद्धिक सत्रों में विभिन्न विभागों और क्षेत्रों से विशेषज्ञों को आमंत्रित किया जाएगा। विशेषज्ञ विद्यार्थियों को बैंकिंग व्यवस्था, मीडिया, यातायात नियम एवं सड़क सुरक्षा, पुलिस व्यवस्था, नशा मुक्ति, सामाजिक जागरूकता सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी देंगे।
शिविर का उद्देश्य छात्राओं में सामाजिक चेतना, नेतृत्व क्षमता और सामुदायिक सहभागिता की भावना को मजबूत करना है। एनएसएस शिविर के माध्यम से स्वयंसेवी सेवा, अनुशासन और सहयोग की भावना को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का प्रयास करेंगे।