गुम्मर: राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गुम्मर में राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ आज उत्साह एवं सेवा भावना के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती ममता भाटिया ने किया।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष श्रीमती राजनी देवी, राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी शिव राम, महिला राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती रीना देवी सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवी उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी शिव राम ने बताया कि यह विशेष शिविर 6 अक्टूबर से 12 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। शिविर के दौरान प्रतिदिन प्रातः 5:00 बजे से विभिन्न गतिविधियां शुरू होंगी। इनमें प्रातःकालीन सभा, प्रभात फेरी, मार्च पास्ट, योग, स्वच्छता अभियान एवं अन्य सामाजिक गतिविधियां शामिल रहेंगी।
उन्होंने बताया कि शिविर के दौरान स्वयंसेवियों के ज्ञानवर्धन एवं व्यक्तित्व विकास के लिए बौद्धिक सत्रों का भी आयोजन किया जाएगा। इन सत्रों में विभिन्न विभागों एवं क्षेत्रों से विशेषज्ञों को आमंत्रित किया जाएगा। विशेषज्ञ स्वयंसेवियों को बैंकिंग व्यवस्था, मीडिया, यातायात नियम एवं सड़क सुरक्षा, पुलिस विभाग, नशा मुक्ति, सामाजिक जागरूकता तथा अन्य महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी प्रदान करेंगे।
प्रधानाचार्या श्रीमती ममता भाटिया ने स्वयंसेवियों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों में सेवा भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने सभी स्वयंसेवियों से शिविर की प्रत्येक गतिविधि में पूरे उत्साह एवं अनुशासन के साथ भाग लेने का आह्वान किया। स्वयंसेवियों को शिविर की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। शिविर के दौरान स्वयंसेवी समाज सेवा, स्वच्छता, जागरूकता एवं विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे।
कार्यक्रम के अंत में सभी स्वयंसेवियों ने राष्ट्रीय सेवा योजना के आदर्श वाक्य “मैं नहीं, आप” की भावना को आत्मसात करते हुए निस्वार्थ भाव से समाज एवं राष्ट्र की सेवा करने का संकल्प लिया।