देहरा-ज्वालामुखी रोड पर ट्रक यूनियन के समीप वाहन खड़े करने को लेकर हुआ विवाद, गंभीर रूप से घायल कर्मचारी अस्पताल पहुंचाया गया
ज्वालामुखी।देहरा-ज्वालामुखी रोड पर ट्रक यूनियन के समीप स्थित हिमाचल एग्रो पेट्रोल पंप के सामने वाहन खड़े करने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि पेट्रोल पंप के एक कर्मचारी के साथ मारपीट की गई, जिसमें वह बुरी तरह घायल हो गया। घायल कर्मचारी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
घटना की पूरी वारदात पेट्रोल पंप परिसर में लगे **सीसीटीवी कैमरों में कैद होने** की बात सामने आई है। घटना के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और पुलिस की त्वरित कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
पेट्रोल पंप कर्मचारियों का आरोप है कि मारपीट की घटना के तुरंत बाद पुलिस को सूचना दे दी गई थी, लेकिन सूचना दिए जाने के लगभग **एक घंटे बाद तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची**। कर्मचारियों का कहना है कि ज्वालामुखी पुलिस थाना घटनास्थल से लगभग 2 किलोमीटर की दूरी पर है। ऐसे में इतनी कम दूरी होने के बावजूद पुलिस के पहुंचने में हुई देरी पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पुलिस समय पर मौके पर पहुंचती तो संभव है कि आरोपी को घटनास्थल या उसके आसपास से ही पकड़ा जा सकता था। लोगों ने मामले में दोषियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई करने और पुलिस की प्रतिक्रिया में हुई कथित देरी की जांच करने की मांग की है।
कबाड़ी बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था पर भी सवाल
स्थानीय लोगों ने देहरा-ज्वालामुखी रोड और कबाड़ी बाजार क्षेत्र में सड़क किनारे अव्यवस्थित ढंग से वाहन खड़े किए जाने तथा कबाड़ रखे जाने की समस्या भी उठाई है। उनका कहना है कि कई स्थानों पर सड़क किनारे अतिक्रमण और खड़े वाहनों के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है।
लोगों का आरोप है कि यातायात व्यवस्था बाधित करने और अव्यवस्था फैलाने वाले लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। स्थानीय निवासियों ने पुलिस और यातायात विभाग से क्षेत्र में नियमित निगरानी बढ़ाने, सड़क किनारे अवैध रूप से वाहन खड़े करने वालों तथा यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
इस मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया और आरोपियों के खिलाफ की गई कार्रवाई का इंतजार है। सीसीटीवी फुटेज घटना की जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य साबित हो सकती है।