हमीरपुर जिले के सुजानपुर टीहरा स्थित पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (सीबीएसई) की प्रधानाचार्या मंजरी वी. महाजन के राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 के लिए चयन से पूरे विद्यालय परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। आगामी 5 सितंबर को नई दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु उन्हें इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित करेंगी।
देशभर से 48 शिक्षकों का चयन राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 के लिए किया गया है। हिमाचल प्रदेश से भेजे गए तीन नामों में से मंजरी वी. महाजन का चयन होना प्रदेश के लिए विशेष उपलब्धि माना जा रहा है।
राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए चयनित होने के बाद जब मंजरी वी. महाजन विद्यालय पहुंचीं तो विद्यालय परिवार ने उनका गरमजोशी और उत्साह के साथ भव्य स्वागत किया। शिक्षकों, विद्यार्थियों और शुभचिंतकों की खुशी और सम्मान ने इस अवसर को भावनात्मक और यादगार बना दिया।
मंजरी वी. महाजन ने शिक्षा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, नवाचार और प्रभावी विद्यालय नेतृत्व के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य किए हैं। इससे पहले वह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भलेठ की प्रधानाचार्या भी रह चुकी हैं। उनके नेतृत्व में विद्यालय को वर्ष 2026 में पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के लिए एनवायरनमेंट लीडरशिप अवार्ड तथा वर्ष 2025 में वेस्ट वॉरियर अवार्ड से सम्मानित किया गया था।
उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं है, बल्कि इसमें विद्यालय समुदाय, अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का भी महत्वपूर्ण योगदान है।
“इस पुरस्कार के पीछे मेरे सभी सहयोगियों, कम्युनिटी के सदस्यों, अभिभावकों, अध्यापकों और विद्यार्थियों का योगदान है। यह सम्मान हम सभी का है।”
उन्होंने शिक्षकों से भी आह्वान किया कि अध्यापन को केवल एक प्रोफेशन के रूप में न देखें, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और समाज के प्रति अपनी अन्य जिम्मेदारियों का भी पूरी निष्ठा से निर्वहन करें।
इस अवसर पर उनके पति एवं राज्य चयन आयोग हमीरपुर के सचिव डॉ. विक्रम महाजन, ग्रेड-वन कश्मीर सिंह तथा जिला विज्ञान पर्यवेक्षक राजेश गौतम सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
पिता ने सोशल मीडिया पर व्यक्त की भावनाएं
मंजरी वी. महाजन के पिता एवं सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य रवि दत्त ने सोशल मीडिया पर अपनी बेटी के स्वागत समारोह को भावनात्मक और प्रेरणादायक क्षण बताया। उन्होंने लिखा कि विद्यालय में उमड़ा प्रेम और सम्मान एक बेटी के प्रति परिवार जैसे स्नेह को दर्शाता है।
उन्होंने मंजरी वी. महाजन को एक विदुषी, ज्ञानवान मार्गदर्शक, कुशल प्रशासक और जिम्मेदारी की उच्च भावना रखने वाली शिक्षिका बताते हुए कहा कि विद्यार्थियों और विद्यालय परिवार की उम्मीदें तथा प्रार्थनाएं भविष्य में भी सकारात्मक परिणाम लेकर आएं।
राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 के लिए मंजरी वी. महाजन का चयन न केवल सुजानपुर टीहरा, बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है।