शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार ने पुलिस प्रशासन में व्यापक फेरबदल करते हुए 10 आईपीएस तथा 2 एचपीएस अधिकारियों के तबादला एवं नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। ये आदेश मुख्य सचिव कमलेश कुमार पंत द्वारा सिविल सेवा बोर्ड की सिफारिशों के आधार पर जारी किए गए हैं और तत्काल प्रभाव से लागू होंगे।
जारी आदेशों के अनुसार आईपीएस अधिकारी अभिषेक दुल्लर को पुलिस महानिरीक्षक (कानून एवं व्यवस्था) नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही उन्हें पुलिस महानिरीक्षक (सशस्त्र पुलिस एवं प्रशिक्षण), डरोह का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
डी.के. चौधरी को पुलिस महानिरीक्षक (संचार एवं तकनीकी सेवाएं), हमीरपुर की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं संदीप कुमार धवल को नवगठित पुलिस जिला देहरा का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।
कांगड़ा के पुलिस अधीक्षक अशोक रतन को पुलिस मुख्यालय शिमला में पुलिस अधीक्षक (अवकाश आरक्षित) के पद पर तैनात किया गया है। उनके पास स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) धर्मशाला जोन का अतिरिक्त कार्यभार भी था।
विदेश अध्ययन अवकाश से लौटने के बाद आईपीएस अधिकारी इल्मा अफरोज को पुलिस जिला नूरपुर का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। वहीं मयंक चौधरी को देहरा के पुलिस अधीक्षक पद से हटाकर पुलिस मुख्यालय शिमला में पुलिस अधीक्षक (अवकाश आरक्षित) नियुक्त किया गया है।
शिमला में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्यरत अभिषेक को अब बिलासपुर का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। गौरवजीत सिंह को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, शिमला के पद पर नियुक्ति मिली है।
सरकार ने दो एचपीएस अधिकारियों के तबादले भी किए हैं। रमन शर्मा को राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (उत्तरी रेंज), धर्मशाला का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। इससे पहले वे पुलिस मुख्यालय शिमला में नई तैनाती की प्रतीक्षा कर रहे थे।
इसके अलावा कुलभूषण वर्मा को पुलिस जिला नूरपुर से स्थानांतरित कर जिला कांगड़ा (धर्मशाला) का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। उन्हें स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) धर्मशाला जोन के पुलिस अधीक्षक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
प्रदेश सरकार का यह प्रशासनिक फेरबदल पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।