जिला बिलासपुर के विकास खंड घुमारवीं के अंतर्गत ग्राम पंचायत हरलोग में पंचायत चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। ग्राम पंचायत हरलोग के पूर्व उप प्रधान रह चुके जगदीश चंदेल ने प्रधान पद के उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के दौरान उनके समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
लगभग 10 वर्षों तक ग्राम पंचायत हरलोग के उप प्रधान रह चुके जगदीश चंदेल ने पंचायतवासियों से आशीर्वाद और सहयोग की अपील करते हुए उन्हें भारी मतों से विजयी बनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यदि जनता उन्हें सेवा का अवसर देती है तो पंचायत के समग्र विकास के लिए पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य किया जाएगा।
जगदीश चंदेल ने अपने प्रमुख चुनावी मुद्दों को साझा करते हुए कहा कि ग्राम पंचायत हरलोग में बंद पड़ी उप तहसील को दोबारा खुलवाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। इसके अलावा पंचायत के प्रत्येक वार्ड में समितियों का गठन कर विकास कार्य करवाए जाएंगे ताकि पारदर्शिता बनी रहे और भ्रष्टाचार पर रोक लग सके।
उन्होंने कहा कि पंचायत के हर वार्ड में सड़क और पेयजल व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा तथा सरकार से अधिक से अधिक धनराशि लाकर समान विकास सुनिश्चित किया जाएगा। स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए स्वास्थ्य संस्थानों और स्कूलों में खाली पड़े पदों को भरवाने हेतु सरकार के समक्ष आवाज उठाई जाएगी।
जगदीश चंदेल ने यह भी कहा कि पंचायत में गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले परिवारों को आवास निर्माण के लिए सरकारी सहायता दिलाने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि पंचायत की जनता का सहयोग और आशीर्वाद उन्हें अवश्य प्राप्त होगा तथा वह हरलोग पंचायत को विकास की नई दिशा देने का कार्य करेंगे।