शिमला: लॉरिएट पब्लिक स्कूल में 25 अप्रैल 2026 को चौथी जिला स्तरीय वुशु प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपने कौशल का प्रदर्शन किया।
राज्य वुशु संघ के अध्यक्ष श्री पी. एन. आज़ाद, जिला शिमला वुशु संघ की महासचिव डॉ. मीरा सिंह तथा अध्यक्ष डॉ. रण सिंह के मार्गदर्शन में इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन श्री पी. एन. आज़ाद द्वारा रिबन काटकर किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में स्कूल एजुकेशन के डायरेक्टर श्री आशीष कोहली तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज सोलन की प्रधानाचार्या श्रीमती मनीषा कोहली उपस्थित रहीं।
प्रतियोगिता में अंडर-12, अंडर-14, अंडर-16, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने भाग लिया। विभिन्न वुशु विधाओं जैसे ताईची, तेजीक्वान, ताइजीक्वान, ताईजीशान, ननक्वान, नंदाओ, जियानशु और चांगक्वान में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में लॉरिएट स्कूल के वंश कुमार, स्निग्धा लोहिया, आदेश कुमार और संस्कृति लोहिया के साथ कॉलेज की छात्रा साक्षी ठाकुर ने स्वर्ण पदक हासिल किए। वहीं रूद्र, स्नेहा, सरस, अनग और वाणी ने रजत पदक जीते, जबकि यशवी, राहुल और अनुकरण ने कांस्य पदक अपने नाम किए।
कार्यक्रम के समापन पर मुख्य अतिथि द्वारा विजेताओं को पदक वितरित किए गए। इस अवसर पर स्कूल की प्रधानाचार्या डॉ. मीरा सिंह ने विद्यार्थियों को खेलों के प्रति प्रेरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।