जिला कांगड़ा में स्कूली खेल गतिविधियों को लेकर अहम बैठक में अंडर-19 लड़कों और लड़कियों के टूर्नामेंट के लिए स्थान निर्धारित कर दिए गए हैं। ज्वालामुखी और देहरा जोन के विभिन्न स्कूलों में ये प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।
जिला कांगड़ा की स्कूली खेल संघ की बैठक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (बाल) ज्वालामुखी में उप शिक्षा निदेशक कमलेश कुमारी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक के दौरान स्थानीय स्कूल के प्रधानाचार्य रविंद्र शर्मा ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए आयोजन के लिए आभार जताया।
बैठक में ज्वालामुखी और देहरा जोन के अंडर-19 लड़कों व लड़कियों के टूर्नामेंट के लिए वेन्यू तय किए गए। ज्वालामुखी जोन के अंडर-19 लड़कों के मुकाबले राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भडोली कोहाला में, जबकि लड़कियों के मैच राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कथोग में आयोजित होंगे।
इसी तरह देहरा जोन के लड़कों के टूर्नामेंट राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चन्नौर और लड़कियों के टूर्नामेंट राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मूहल में आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में सत्र 2026-27 के लिए ज्वालामुखी और देहरा जोन के डीएसएसए (DSSA) सदस्यों का भी चयन किया गया। ज्वालामुखी जोन से राजीव धीमान (प्रिंसिपल, लगड़ू), सतिंदर भूषण (मुख्याध्यापक, डोल), चंद्र कांत (डीपीई, कथोग) और संजीव कुमार (पीईटी, गुम्मर) को सदस्य बनाया गया।
वहीं देहरा जोन से राजेश वैद (प्रिंसिपल, पाईसा), फकरुद्दीन (डीपीई, वीहन) और राजीव कुमार (पीईटी, देहरा) को जिम्मेदारी सौंपी गई।
अंत में एडीपीओ जिला कांगड़ा अतुल कटोच ने बैठक के सफल आयोजन के लिए स्थानीय स्कूल के प्रधानाचार्य और स्टाफ का धन्यवाद किया।