बिलासपुर के बरठीं से संबंध, मुंबई को बनाएंगे राजनीतिक कर्मभूमि
धर्मशाला - हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिला के बरठीं से संबंध रखने वाले 29 वर्षीय अक्षय ठाकुर को मुंबई भाजपा युवा मोर्चा का सचिव नियुक्त किया गया है। उनकी इस नियुक्ति से हिमाचल के युवाओं में खुशी की लहर है।
अक्षय ठाकुर का पारिवारिक इतिहास भी दिलचस्प रहा है। उनके दादा लगभग सौ वर्ष पूर्व एक जर्मन कंपनी में कार्य करने के लिए मुंबई गए थे और वहीं बस गए। उनके पिता अजित सिंह ने मुंबई में अपना व्यवसाय स्थापित किया, जिससे परिवार ने महानगर में मजबूत पहचान बनाई।
शिक्षा के क्षेत्र में अक्षय ठाकुर ने मुंबई यूनिवर्सिटी से एमवीए (MVA) की डिग्री प्राप्त की। पढ़ाई के बाद उन्होंने कुछ समय निजी कंपनी में कार्य किया, लेकिन बाद में राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने का निर्णय लिया।
उनकी माता मीरा ठाकुर भी इसहान्या मुंबई महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष हैं, जिससे परिवार का राजनीतिक जुड़ाव पहले से ही रहा है।
अक्षय ठाकुर का कहना है कि वे अपनी जड़ों से गहराई से जुड़े हुए हैं और हिमाचली कला, संस्कृति तथा पहाड़ी भाषा में उनकी विशेष रुचि है। इसी कारण वे वर्ष में दो-तीन बार हिमाचल का दौरा करते रहते हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि वे अपना राजनीतिक भविष्य महाराष्ट्र में ही देख रहे हैं और मुंबई को अपनी कर्मभूमि बनाएंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि मुंबई में लगभग तीन लाख हिमाचली निवास करते हैं और वे उनके मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का कार्य करेंगे।
अक्षय ठाकुर ने यह भी कहा कि वे हिमाचल और महाराष्ट्र की सांस्कृतिक कड़ियों को और मजबूत बनाने का प्रयास करेंगे, ताकि दोनों राज्यों के लोगों के बीच आपसी जुड़ाव और बढ़ सके।