“नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में शिमला में ‘टाउन हॉल ऑफ वूमेन’ और पदयात्रा आज”
“जयराम ठाकुर मुख्य अतिथि, डॉ. पूर्णिमा चौहान मुख्य वक्ता—महिलाओं की भागीदारी पर होगा मंथन”
शिमला, 15 अप्रैल: महिलाओं के सशक्तिकरण और राजनीति में उनकी भागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आज शिमला में दो महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं—“नारी शक्ति वंदन अधिनियम समर्थन पदयात्रा” और “टाउन हॉल ऑफ वूमेन”। यह आयोजन महिला मोर्चा अध्यक्ष डेज़ी ठाकुर के नेतृत्व में नारी शक्ति फोरम एवं एक सामाजिक संस्था द्वारा किया जा रहा है।
डेज़ी ठाकुर ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं के सम्मान, अधिकारों और राजनीति में 33% आरक्षण के महत्व को लेकर जनजागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि यह पहल महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया में सशक्त भागीदारी दिलाने की दिशा में एक अहम कदम है।
सुबह 10:00 बजे “टाउन हॉल ऑफ वूमेन” का आयोजन होटल ध्रुव, सर्कुलर रोड, शिमला में होगा, जिसमें महिलाओं के नेतृत्व, सशक्तिकरण और 33% आरक्षण विधेयक पर संवादात्मक चर्चा आयोजित की जाएगी। इस कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, जबकि डॉ. पूर्णिमा चौहान मुख्य वक्ता के रूप में अपने प्रशासनिक अनुभव और नेतृत्व पर विचार साझा करेंगी।
इसके अलावा कार्यक्रम में पुनीता भारद्वाज, मीनाक्षी पॉल, वंदना भगरा और रेनू बलजीज़ जैसी प्रमुख हस्तियां भी शामिल होंगी, जो विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं की भूमिका, चुनौतियों और अवसरों पर प्रकाश डालेंगी।
दोपहर 2:00 बजे “नारी शक्ति वंदन अधिनियम समर्थन पदयात्रा” होटल ध्रुव से सी.टी.ओ., शिमला तक निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं के भाग लेने की संभावना है।
डेज़ी ठाकुर ने कहा कि यह आयोजन “नारी शक्ति का सम्मान, नव भारत की पहचान” के संदेश के साथ किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य सशक्त नारी के माध्यम से सशक्त समाज और समृद्ध भारत के निर्माण में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करना है।
उन्होंने अंत में सभी महिलाओं, युवाओं और नागरिकों से इन कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि यह केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि महिलाओं के अधिकार और सम्मान के लिए एक व्यापक जनआंदोलन की शुरुआत है।