ज्वालामुखी, 9 अप्रैल: आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के सशक्तिकरण और बेटियों के उज्ज्वल भविष्य को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री शगुन योजना के तहत 90 पात्र परिवारों को आर्थिक सहायता वितरित की गई।
लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह, ज्वालामुखी में आयोजित एक गरिमामय समारोह के दौरान विधायक संजय रत्न ने लाभार्थियों को विवाह हेतु प्रति परिवार 31 हजार रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की। इस दौरान कुल 27 लाख 90 हजार रुपये की राशि वितरित की गई।
इस अवसर पर विधायक ने लाभार्थियों और उनके अभिभावकों को शुभकामनाएं देते हुए बेटियों के सुखद और समृद्ध वैवाहिक जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और मुख्यमंत्री शगुन योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए एक मजबूत सहारा साबित हो रही है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से वंचित न रहे और सभी योजनाओं का लाभ पारदर्शिता एवं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए।
कार्यक्रम के दौरान बाल विकास परियोजना अधिकारी राजेंद्र कुमार ने योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इसका उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहयोग प्रदान कर सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करना है।
इस मौके पर उपमंडल अधिकारी (नागरिक) ज्वालामुखी डॉ. संजीव कुमार शर्मा, सांख्यिकी सहायक सुशील शर्मा, निर्मला ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।