रवींद्र शर्मा ने बाल स्कूल ज्वालामुखी में संभाला प्रधानाचार्य का कार्यभार
ज्वालामुखी: राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाल ज्वालामुखी में आज रवींद्र शर्मा ने प्रधानाचार्य के रूप में अपना कार्यभार संभाल लिया। उनके पदभार ग्रहण करने पर स्कूल परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
इससे पूर्व रवींद्र शर्मा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भड़ोली कोहला में भौतिकी के प्रवक्ता के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। पदोन्नति के बाद उन्हें बाल स्कूल ज्वालामुखी में प्रधानाचार्य के रूप में नियुक्ति मिली है।
स्कूल पहुंचने पर समस्त स्टाफ ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर रवींद्र शर्मा ने स्थानीय विधायक संजय रत्न का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के योग्य समझा गया, इसके लिए वे आभारी हैं।
नवनियुक्त प्रधानाचार्य ने कहा कि उनका पहला लक्ष्य स्कूल में नामांकन (एनरोलमेंट) बढ़ाना और शैक्षणिक स्तर को ऊंचा उठाते हुए इसे एक आदर्श विद्यालय के रूप में स्थापित करना रहेगा। उन्होंने भरोसा जताया कि स्टाफ के सहयोग से वे स्कूल को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।