हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज अपने हमीरपुर प्रवास के दौरान बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में दर्शन कर पूजा अर्चना की।
सुक्खू अपनी धर्मपत्नि कमलेश ठाकुर के साथ सुबह दियोट सिद्ध पहुंचे व मंदिर में जाकर पूजा अर्चना की।
इस अवसर पर उनके साथ विधायक इंद्र दत्त लखनपाल, आशीष शर्मा व सुरेश कुमार और सीएम के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू भी उनके साथ थे। सुक्खू आज दिन में नादौन में अपने चुनाव क्षेत्र में पहुंच कर जनसभा को संबोधित करेंगे।
मुख्यमंत्री सुबह करीब 11 बजे नादौन विधानसभा क्षेत्र के लिए रवाना होंगे। सबसे पहले अमरोह में नादौन विधानसभा क्षेत्र के प्रवेशद्वार पर बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उनका भव्य स्वागत करेंगे। अमरोह के बाद जोल सप्पड़, रंगस, नौहंगी, दंगड़ी, लाहड़ कोटलू और जलाड़ी में भी लोग तोरणद्वार लगाकर मुख्यमंत्री का स्वागत करेंगे। दोपहर को मुख्यमंत्री जलाड़ी या नादौन के खरीड़ी मैदान में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इसी दिन शाम को मुख्यमंत्री नादौन के विश्राम गृह में जनसमस्याएं सुनेंगे। 6 फरवरी को भी मुख्यमंत्री नादौन के विश्राम गृह में लोगों से रूबरू होंगे।